देश की खबरें | डीएमआरसी ने दिल्ली में अच्छा काम किया, लेकिन एनसीआर में प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं : शीर्ष अधिकारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली मेट्रो ने राष्ट्रीय राजधानी में संपर्क सुविधा मुहैया कराने की दिशा में ‘‘अच्छा काम’’ किया है, लेकिन गुरुग्राम और नोएडा जैसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों में इसका प्रदर्शन ‘‘संभवत: उतना अच्छा नहीं’’ रहा और वहां लोगों को अब भी परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

नयी दिल्ली, तीन मई आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को कहा कि दिल्ली मेट्रो ने राष्ट्रीय राजधानी में संपर्क सुविधा मुहैया कराने की दिशा में ‘‘अच्छा काम’’ किया है, लेकिन गुरुग्राम और नोएडा जैसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों में इसका प्रदर्शन ‘‘संभवत: उतना अच्छा नहीं’’ रहा और वहां लोगों को अब भी परिवहन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने यहां मेट्रो भवन में दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के 29वें स्थापना दिवस पर अपने संबोधन में कहा कि डीएमआरसी अपने लिए एक ऐसी प्रणाली विकसित करने पर काम कर सकता है, जिसमें वह अपने लिए ‘‘वित्त पोषण के उचित स्रोत’’ तलाश सके। हालांकि उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।

जोशी डीएमआरसी के अध्यक्ष भी हैं। जोशी ने मेट्रो की प्रशंसा की और कहा कि इसने सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में ‘‘नए मानक स्थापित किए हैं’’ और यह गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल डीएमआरसी के लिए बहुत कठिन रहे हैं, क्योंकि कोविड-19 महामारी और एक मध्यस्थता मामले के कारण उसे प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा।

डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक विकास कुमार ने कहा कि दिल्ली मेट्रो ने कोरोना वायरस महामारी से उत्पन्न चुनौतियों का “दक्षता और धैर्य” से सामना किया और कोविड-19 से पहले मेट्रो यात्रियों की जितनी संख्या थी, उसके 90 प्रतिशत यात्री मेट्रो से सफर करने लगे हैं।

कुमार ने यह भी कहा कि डीएमआरसी ने बाधाओं के बावजूद “कई नए आयाम स्थापित किए हैं।”

उन्होंने कहा कि कोविड-19 ने दिल्ली मेट्रो के सामने चुनौतियां पेश कीं और इसका संचालन प्रभावित हुआ, लेकिन डीएमआरसी ने दक्षता और धैर्य से इनका सामना किया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महामारी से पहले यात्रियों की संख्या 60-65 लाख थी। अब यह 50-55 लाख के आसपास पहुंच गई है।

डीएमआरसी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने भी शिरकत की।

इस दौरान, जोशी ने कहा कि दिल्ली और उपनगरीय शहरों की आबादी भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा, ‘‘डीएमआरसी ने दिल्ली के भीतर संपर्क सुविधा प्रदान करने का अच्छा काम किया है। एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में, जैसे कि गुरुग्राम या नोएडा में प्रदर्शन शायद बहुत अच्छा नहीं है.... क्योंकि एनसीआर में संपर्क सुविधा का अभाव लोगों के लिए अब भी एक समस्या है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें