जरुरी जानकारी | डीजीसीए ने गो फर्स्ट को नोटिस भेजा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने किफायती विमानन सेवा प्रदाता गो फर्स्ट के तीन-चार मई को अपनी उड़ानें निलंबित रखने के फैसले को लेकर उसे नोटिस भेजा है।
नयी दिल्ली, दो मई विमानन क्षेत्र के नियामक डीजीसीए ने किफायती विमानन सेवा प्रदाता गो फर्स्ट के तीन-चार मई को अपनी उड़ानें निलंबित रखने के फैसले को लेकर उसे नोटिस भेजा है।
नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को वित्तीय संकट की वजह से उड़ानों के परिचालन में नाकाम होने का दावा करने वाली गो फर्स्ट को पूर्व-सूचना के बगैर अगले दो दिन तक उड़ानें निरस्त रखने के फैसले पर जवाब देने को कहा है।
निदेशालय ने कहा, ‘‘गो फर्स्ट स्वीकृत कार्यक्रम का पालन करने में नाकाम रही है जिससे यात्रियों को असुविधा होगी। यह उड़ान कार्यक्रम की स्वीकृति के लिए रखी गई शर्त का उल्लंघन है।’’
इस मामले में एयरलाइन को कारण-बताओ नोटिस भेजने के साथ डीजीसीए ने 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।
इसके साथ ही नियामक ने गो फर्स्ट से यह भी पूछा है कि दो दिन तक उड़ानें निरस्त रखने से यात्रियों को होने वाली असुविधा दूर करने के लिए किस तरह के कदम उठाए गए हैं।
गो फर्स्ट ने इंजन आपूर्ति की समस्या से अपने आधे विमानों के खड़े हो जाने का जिक्र करते हुए कहा है कि वह तीन-चार मई को उड़ानें निलंबित रखेगी। इसके अलावा कंपनी ने स्वैच्छिक दिवाला समाधान प्रक्रिया के लिए एनसीएलटी के समक्ष अर्जी भी लगा दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)