जरुरी जानकारी | डीजीसीए को इंडिगो, गोफर्स्ट और कर्मचारियों के बीच विवाद जल्द सुलझने की उम्मीद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. डीजीसीए ने विमानन कंपनी इंडिगो और गोफर्स्ट के विमान रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों के बीच कम वेतन को लेकर जारी विवाद के जल्द सुलझने की उम्मीद जताई है।
नयी दिल्ली, 13 जुलाई डीजीसीए ने विमानन कंपनी इंडिगो और गोफर्स्ट के विमान रखरखाव से जुड़े कर्मचारियों के बीच कम वेतन को लेकर जारी विवाद के जल्द सुलझने की उम्मीद जताई है।
नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को कहा कि दोनों विमानन कंपनी के कई तकनीकी कर्मचारी अभी भी स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए छुट्टी पर गए हुए हैं। हालांकि, इस दौरान दोनों कंपनियों का संचालन सामान्य बना हुआ है।
डीजीसीए ने एक बयान में कहा, ‘‘हम स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अभी तक संचालन सामान्य है। उम्मीद है, इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।’’
सूत्रों के अनुसार इंडिगो ने इस तरह से छुट्टी लेने वाले कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूत्रों ने बताया कि गो फर्स्ट के कुछ तकनीकी कर्मचारी जो पिछले तीन दिनों के दौरान बीमारी के लिए छुट्टी पर गए थे, उन्होंने एयरलाइन के प्रबंधन को ई-मेल भेजकर अपना वेतन बढ़ाने के लिए कहा है।
इससे पहले दो जुलाई को इंडिगो की करीब 55 प्रतिशत घरेलू उड़ानें देरी से उड़ी थी। बड़ी संख्या में कंपनी के चालक दल के सदस्यों ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अवकाश लिया था।
गौरतलब है कि कई घरेलू विमानन कंपनियों ने कोविड-19 महामारी के अपने चरम पर होने के दौरान कर्मचारियों के एक बड़े वर्ग के वेतन में कटौती की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)