देश की खबरें | देवेन भारती ने मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त का पद संभाला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती ने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। एक दिन पहले ही राज्य के गृह विभाग ने नियुक्ति पत्र जारी किया था। यह पद हाल ही में सृजित किया गया है।

मुंबई, पांच जनवरी भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी देवेन भारती ने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस के विशेष आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। एक दिन पहले ही राज्य के गृह विभाग ने नियुक्ति पत्र जारी किया था। यह पद हाल ही में सृजित किया गया है।

आईपीएस अधिकारी विवेक फणसालकर मुंबई के पुलिस आयुक्त हैं।

नया पद सृजित करने और भारती की नियुक्ति की विपक्षी दलों- कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने आलोचना की है। उन्होंने राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर समानांतर प्रशासन तैयार करने का आरोप लगाया। राज्य का गृह विभाग भी फडणवीस के पास है।

एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारती सुबह दक्षिणी मुंबई स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचे और मुंबई पुलिस आयुक्त फणसालकर और अन्य शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करने के बाद पदभार ग्रहण कर लिया।

देवेंद्र फडणवीस के करीबी समझे जाने वाले भारती 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। साल 2014 से 2019 तक जब फडणवीस प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब भारती संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) थे।

इसके बाद वह अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के पद पर प्रोन्नत होकर आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) में भेज दिए गए।

भारती को 2019 में महा विकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा निगम का संयुक्त प्रबंध निदेशक बना दिया गया, जो अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण पद माना जाता है।

एक अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने 13 दिसंबर 2022 को भारती के स्थान पर संयुक्त आयुक्त (यातायात) राजवर्धन को नियुक्त कर दिया गया और उसके बाद से भारती नई नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। एटीएस के पूर्व प्रमुख विनीत अग्रवाल, ठाणे के पूर्व पुलिस आयुक्त बिपिन कुमार सिंह और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के पूर्व प्रमुख प्रभात कुमार भी प्रतीक्षा सूची में हैं।

इससे पहले बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कहा कि आयुक्त मुंबई पुलिस का वरिष्ठतम पद है। उन्होंने दावा किया कि फडणवीस नया पद सृजित कर समानांतर तरीके से अपना प्रशासन तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं।

राकांपा के प्रवक्ता महेश तापसे ने इस फैसले पर सवाल किया और आश्चर्य जताया कि सरकार विशेष राज्यपाल, विशेष मुख्य सचिव और मुंबई के विशेष निगमायुक्त भी नियुक्त कर सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें