देश की खबरें | ‘सैंट्रो रवि’ के विरूद्ध विस्तृत जांच का आदेश दिया गया: कर्नाटक के मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि ‘सैंट्रो रवि’ उपनाम से जाने जाने वाले के एस मंजूनाथ के विरूद्ध उन्होंने विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
मैसुरु, सात जनवरी कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शनिवार को कहा कि ‘सैंट्रो रवि’ उपनाम से जाने जाने वाले के एस मंजूनाथ के विरूद्ध उन्होंने विस्तृत जांच का आदेश दिया है।
कर्नाटक सरकार के मंत्रियों के साथ रवि के कई फोटो सामने आये हैं जिसपर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मंत्रियों का उसके साथ गहरा संबंध है। यह भी आरोप लगाया गया है कि रवि की आपराधिक पृष्ठभूमि है।
कांग्रेस ने ट्विटर पर मंत्रियों के साथ उसके वीडियो एवं फोटो डाले हैं। एक फोटो में दिख रहा है कि रवि बैठा है और सामने में मेज पर नोटों के बंडल फैले हुए हैं।
पार्टी ने सवाल उठाया है कि क्यों प्रवर्तन निदेशालय एवं आयकर विभाग उसका पता नहीं लगा पाये।
कांग्रेस के आरोपों का खंडन करते हुए बोम्मई ने कहा, ‘‘ आप फोटो के आधार पर तय नहीं कर सकते लेकिन मुख्य मुद्दा है कि उसके (रवि के) खिलाफ एक मामला है। एक लड़की ने उसके विरूद्ध शिकायत दर्ज करायी है। यदि जांच की जाती है तो अन्य सारे मामले भी सामने आयेंगे और इससे उनसभी की जांच में मदद मिलेगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने मैसुरु पुलिस को इस मामले को कड़ाई से जांच करने का निर्देश दिया है क्योंकि रवि के खिलाफ कई शिकायतें हैं।’’
बोम्मई ने कहा कि यह कहा जाता है कि वह बड़ा रसूख वाला व्यक्ति है और पुलिस उसके अतीत का पता लगायेगी एवं उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।
जब उनसे पूछा गया कि पिछले 20 सालों में क्यों कोई मामला तार्किक परिणति नहीं पहुंचा तब मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार राज्य सरकार ने उसके खिलाफ शिकायत को ‘बहुत गंभीरता’ से लिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हम उसके विरूद्ध सभी मामलों की जांच करायेंगे और उसे उन मामलों में दंडित करायेंगे।’’
जब उनसे ‘तबादला कारोबार’ में रवि के शामिल होने से संबंधित कथित वीडियो एवं ऑडियो कांग्रेस द्वारा साझा किये जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हर बात की जांच करायी जाएगी।
बोम्मई ने कहा, ‘‘ उसे कई मुख्यमंत्रियों के साथ भी देखा गया है। यह दर्शाता है कि उसने अपनी कैसी छवि बना रखी है। इन दिनों व्हाट्सअप पर कुछ भी बनाया जा सकता है लेकिन विस्तृत जांच से खुलासा हो जाएगा कि किस प्रकार के अंतरण में वह शामिल था।’’
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को बचाने का सवाल ही नहीं है और हर चीज सामने आयेगी।
जब मुख्यमंत्री से कहा गया कि पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने एक ऑडियो जारी किया है तो उन्होंने कहा कि वह (ऑडियो) भी जांच का हिस्सा बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि महज किसी से बातचीत करने भर से कोई आरोपी नहीं बन जाता है।
कांग्रेस के इस आरोप कि विधानसौध ‘शॉपिंग मॉल ’ बन गया है क्योंकि विधान सौध के अंदर लोक निर्माण विभाग के एक अभियंता के पास से 10.5 रुपये मिले, बोम्मई ने कहा कि 2019 में कांग्रेस विधायक पुत्तारंगशेट्टी के कार्यालय से 22 लाख रुपये मिले थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसौध को अपने बैंक में तब्दील कर रखा था। बोम्मई ने जानना चाहा कि पुत्तारंगशेट्टी के विरूद्ध जांच क्यों नहीं करायी गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)