ताजा खबरें | उपसभापति हरिवंश ने सुरजेवाला को राज्यसभा में मोबाइल फोन से रिकार्डिंग नहीं करने को कहा
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा में बुधवार को उपसभापति हरिवंश ने कांग्रेस सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला को सदन की कार्यवाही की मोबाइल फोन से रिकार्डिंग करने से रोकते हुए इसे डिलीट करने और सोशल मीडिया पर नहीं डालने का निर्देश दिया।
नयी दिल्ली, 20 जुलाई राज्यसभा में बुधवार को उपसभापति हरिवंश ने कांग्रेस सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला को सदन की कार्यवाही की मोबाइल फोन से रिकार्डिंग करने से रोकते हुए इसे डिलीट करने और सोशल मीडिया पर नहीं डालने का निर्देश दिया।
उच्च सदन में एक बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जब बैठक शुरू हुई तो उपसभापति हरिवंश ने सामूहिक संहार के आयुध और उनकी परिदान प्रणाली (विधि विरूद्ध क्रियाकलापों का प्रतिषेध) संशोधन विधेयक पर चर्चा शुरू कराने का प्रयास किया। उन्होंने इस क्रम में पहले कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल और फिर द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सदस्य पी. विल्सन का नाम पुकारा। इसी बीच, विपक्ष के कई सदस्य विभिन्न मुद्दों पर नारा लगाते हुए आसन के समक्ष आ गये।
हंगामे के बीच हरिवंश ने कांग्रेस सदस्य सुरजेवाला से कहा कि वह सदन की कार्यवाही की मोबाइल फोन पर रिकार्डिंग नहीं करें। उन्होंने कहा कि ऐसा करना सदन के नियमों के विरूद्ध है।
सदन के नेता पीयूष गोयल ने भी विपक्षी सदस्य द्वारा मोबाइल फोन से रिकार्डिंग किए जाने का विरोध करते हुए आसन से मांग की कि सुरजेवाला को यह रिकार्डिंग डिलीट करने का निर्देश दिया जाना चाहिए।
इस पर उपसभापति ने कहा, ‘‘वह इस बात को रिकार्ड पर कह रहे हैं कि जिन लोगों ने भी (मोबाइल फोन पर) रिकार्डिंग की है, वे इसे डिलीट करें।’’
उन्होंने कहा कि सदन के नियमों के तहत सदस्य यहां का वीडियो नहीं बना सकते।
हरिवंश ने सदस्यों से कहा, ‘‘आप (सदन में की गयी रिकार्डिंग को) सोशल मीडिया पर नहीं दे सकते है। आप सदन की इंसल्ट ... इसे बाहर नहीं दे सकते।’’
विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बैठक शुरू होने के महज कुछ ही मिनट के बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गयी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)