देश की खबरें | मणिपुर की इंफाल घाटी में वक्फ विधेयक को लेकर प्रदर्शन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद में वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित होने के बाद शुक्रवार को मणिपुर की इंफाल घाटी में विरोध-प्रदर्शन हुए।

इंफाल, चार अप्रैल संसद में वक्फ (संशोधन) विधेयक पारित होने के बाद शुक्रवार को मणिपुर की इंफाल घाटी में विरोध-प्रदर्शन हुए।

इंफाल पश्चिम जिले के संथेल ईदगाह में एकत्र लगभग 200 लोगों ने प्रदर्शन किया।

‘संथेल यूनाइटेड डेवलपमेंट कमेटी’ ने प्रदर्शन का आयोजन किया था। प्रदर्शनकारियों ने वक्फ संपत्तियों की स्वायत्तता और प्रशासन पर विधेयक के प्रभाव के बारे में चिंता जताई। इसी तरह का प्रदर्शन इंफाल पूर्वी जिले के केइराओ मकटिंग में भी किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से विधेयक को वापस लेने और मुस्लिम समुदाय से बातचीत कर उनकी चिंताओं को दूर करने का आग्रह किया।

वक्फ (संशोधन) विधेयक बुधवार देर रात लोकसभा में और बृहस्पतिवार देर रात सदन में मैराथन बहस के बाद राज्यसभा में पारित किया गया।

विधेयक का उद्देश्य विरासत स्थलों की सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने के प्रावधानों के साथ वक्फ संपत्तियों (धार्मिक या धर्मार्थ उद्देश्यों के लिए मुसलमानों द्वारा स्थायी रूप से दान की गई संपत्ति) के प्रबंधन को सुव्यवस्थित करना है।

पूर्व मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने विधेयक की सराहना करते हुए दावा किया कि यह अधिक न्यायसंगत और न्यायपूर्ण भविष्य की नींव रखता है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 और मुसलमान वक्फ (निरसन) विधेयक का संसद के दोनों सदनों में पारित होना एक ऐतिहासिक कदम है। ये विधेयक उन लोगों को सशक्त बनाएंगे, जिन्हें लंबे समय से अवसरों से वंचित रखा गया है। यह विधेयक उन्हें हमारे समाज के विकास में सक्रिय रूप से भाग लेने के साधन प्रदान करेंगे।”

भाजपा नेता ने कहा, “वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करके कि हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज सुनी जाए, यह कानून अधिक न्यायसंगत और न्यायपूर्ण भविष्य की नींव रखता है। यह अंतर को पाटने और यह सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है कि कोई भी पीछे न छूटे।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now