देश की खबरें | हिसार में किसानों का प्रदर्शन, बारिश से नष्ट फसलों के मुआवजे की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के हिसार में किसानों ने हाल में हुई भारी बारिश से नष्ट फसलों के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को यहां विरोध-प्रदर्शन किया।
हिसार, 10 अगस्त हरियाणा के हिसार में किसानों ने हाल में हुई भारी बारिश से नष्ट फसलों के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को यहां विरोध-प्रदर्शन किया।
शहर के बाहर मुख्य मार्गों पर पुलिस ने किसानों को उस वक्त रोका, जब वे अपने प्रदर्शन के तहत हिसार लघु सचिवालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिसार-सिरसा बाईपास, राजगढ़ और बालसमंद मार्गों पर रोक दिया।
किसानों ने आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने डम्पर, रोडवेज की बस और अवरोधक लगा दिए।
पुलिस ने जब किसानों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बैरीकेड को तोड़ने की कोशिश की।
हालांकि, पुलिस ने बैरीकेड के सामने डम्पर लगाए हुए थे, जिसे किसान पार नहीं कर सके।
पुलिस द्वारा किसानों को रोके जाने के दौरान सिरसा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग कुछ देर अवरुद्ध रहा। किसान हिसार बाईपास पर ट्रैक्टरों में बैठकर आए थे, जिसकी वजह से हिसार-सिरसा-दिल्ली बाईपास पर यातायात रुक गया।
किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में यहां लघु सचिवालय के घेराव से संबंधित अल्टीमेटम भी दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)