देश की खबरें | दिल्लीवासियों को जी20 सम्मेलन के लिए स्थापित ढांचे को सहेजकर रखना चाहिए : उपराज्यपाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने शुक्रवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में नयी संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिसे दिल्लीवासियों को सहेजकर रखने की जरूरत है।
नयी दिल्ली, एक सितंबर दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने शुक्रवार को कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में नयी संरचनाओं का निर्माण किया गया है, जिसे दिल्लीवासियों को सहेजकर रखने की जरूरत है।
राज निवास के अधिकारियों ने कहा कि सक्सेना और केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने यक्षिणी चौक और उलान बटार रोड पर नयी यक्षिणी मूर्तियों का अनावरण किया और बाद में पालम में वायु सेना स्टेशन के सामने आईएएफ पार्क का उद्घाटन किया।
ये मूर्तियां सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी) पहल द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं और इन तीनों स्थानों की सुंदरता बढ़ाने के लिए आसपास नयी सड़कें और फुटपाथ बनाने के साथ ही पौधारोपण किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में ये संभवत: पहले स्थान होंगे जिन्हें दौरे पर आने वाले राष्ट्राध्यक्ष/शासनाध्यक्ष देश में उतरने के बाद देखेंगे।
उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि शहर भर में इस तरह की संरचनाओं और नवीनीकरण प्रयासों ने दिल्ली और उसके लोगों के लिए स्थायी संपत्ति बनाई है और आने वाले वर्षों में उन्हें बनाए रखना और संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है।
यक्षिणी चौक पर स्थापित मूर्तियां ओडिशा के प्रसिद्ध मूर्तिकार ध्रुब चरण स्वैन द्वारा बनाई गई हैं, और उलान बटार रोड पर स्थापित मूर्तियां भी ओडिशा के एक अन्य मूर्तिकार सुदर्शन साहू द्वारा बनाई गई हैं।
उद्घाटन के अवसर पर सक्सेना ने कहा कि नव स्थापित यक्षिणी की मूर्तियां भगवान कुबेर के खजाने की पौराणिक रक्षकों का प्रतिनिधित्व करती हैं और अब यह एक शक्तिशाली और समृद्ध भारत के प्रहरी का प्रतीक हैं।
भारतीय वायु सेना द्वारा प्रदान किए गए दो मिग लड़ाकू विमानों को नए आईएएफ पार्क में स्थापित किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)