देश की खबरें | दिल्ली: सुल्तानपुरी में महिला ने गुस्से में पति का कान काटा, प्राथमिकी दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के सुल्तानपुरी में एक महिला ने गुस्से में आकर कथित तौर पर अपने पति का दाहिना कान काट लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 26 नवंबर दिल्ली के सुल्तानपुरी में एक महिला ने गुस्से में आकर कथित तौर पर अपने पति का दाहिना कान काट लिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित (45) ने पुलिस को बताया कि काटे जाने के कारण उसके दाहिने कान का ऊपरी हिस्सा टूट गया और उसे सर्जरी करानी पड़ी।

पीड़ित ने इलाज के बाद पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज की।

पुलिस ने कहा कि शिकायत के बाद भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 324 (जानबूझकर खतरनाक हथियारों या साधनों से चोट पहुंचाना) के तहत महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से कहा, "मैं 20 नवंबर को सुबह करीब 9:20 बजे अपने घर के बाहर कूड़ा फेंकने गया था। मैंने अपनी पत्नी से घर की सफाई करने के लिए कहा। जैसे ही मैं घर लौटा, मेरी पत्नी ने एक अज्ञात मुद्दे को लेकर मुझसे लड़ना शुरू कर दिया।"

उसने पुलिस को आगे बताया कि उसकी पत्नी ने उससे घर बेचकर हिस्सा देने के लिए कहा ताकि वह बच्चों के साथ अलग रह सके।

पीड़ित ने पुलिस से कहा, "मैं घर से बाहर जा रहा था, तभी उसने मुझे पीछे से पकड़ लिया और गुस्से में आकर मेरा दाहिना कान इतनी जोर से काटा कि मेरे कान का ऊपरी हिस्सा कट गया। मेरा बेटा मुझे इलाज के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी अस्पताल ले गया।’’

पीड़ित ने कहा कि उसे रोहिणी के जयपुर गोल्डन अस्पताल में सर्जरी करानी पड़ी।

पुलिस ने कहा कि उसे 20 नवंबर को एक अस्पताल से हमले की जानकारी मिली और मामले की जांच के लिए एक टीम भेजी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now