देश की खबरें | दिल्ली: बेटे ने संपत्ति विवाद में की मां की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली में संपत्ति विवाद को लेकर मां की गला घोंटकर हत्या किए जाने के आरोप में बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, सात दिसंबर पश्चिमी दिल्ली में संपत्ति विवाद को लेकर मां की गला घोंटकर हत्या किए जाने के आरोप में बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अपनी पसंद की लड़की से शादी किए जाने पर कथित तौर पर उसे संपत्ति में हिस्सा दिए जाने से इनकार करने पर बेटे ने मां की हत्या कर दी।

इसने बताया कि टेम्पो चालक आरोपी सावन ने वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को सूचना दी कि किसी ने उसकी मां सुलोचना की हत्या कर दी है और उनकी कान की बालियां चुरा ली हैं।

पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि सावन ने शुक्रवार रात साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना दी कि उसकी मां की किसी ने हत्या कर दी और उनकी बालियां भी गायब हैं।

वीर ने बताया कि स्थानीय पुलिस ख्याला क्षेत्र में पहुंची लेकिन घटनास्थल पर ऐसा कुछ नजर नहीं आया जिससे पता चला कि वहां लूटपाट हुई हो क्योंकि घर में कीमती समान सुरक्षित पाया गया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

अधिकारी ने बताया कि सुलोचना के बड़े बेटे कपिल (27) से भी घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की गई।

डीसीपी ने एक बयान में बताया कि जांच के दौरान छोटे बेटे सावन का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। स्थानीय स्तर पर गहन जांच और तकनीकी जानकारी जुटाने के बाद सावन से कड़ी पूछताछ की गई।

बयान में कहा गया कि तथ्यों के आधार पर लगातार पूछताछ किए जाने के बाद सावन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

इसमें कहा गया कि पूछताछ के दौरान सावन ने बताया कि हाल में उसके भाई कपिल की शादी तय हुई, जिसके बाद उसने अपनी मां से अपनी पसंद की एक लड़की से शादी करने के बारे में बात की।

बयान में कहा गया कि सावन ने बताया कि उसकी मां ने शादी के बारे में सुनकर उसे डांटा और चेतावनी दी कि अगर उसने दोबारा इसका जिक्र किया तो वह उसे संपत्ति से हिस्सा नहीं देंगी।

सुलोचना के पति की 2019 में मृत्यु हो गई थी और उनके दो अविवाहित बेटे हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\