देश की खबरें | दिल्ली: भलस्वा लैंडफिल का छोटा हिस्सा ढहा, कोई हताहत नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बाहरी दिल्ली में श्रद्धानंद कॉलोनी के पास रविवार को भलस्वा लैंडफिल का एक छोटा हिस्सा ढहकर पास के मकानों पर गिर गया। यह दावा स्थानीय लोगों ने किया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि इस तरह की कोई घटना हुई है या नहीं टीम इसकी जांच कर रही है।
नयी दिल्ली, 26 जनवरी बाहरी दिल्ली में श्रद्धानंद कॉलोनी के पास रविवार को भलस्वा लैंडफिल का एक छोटा हिस्सा ढहकर पास के मकानों पर गिर गया। यह दावा स्थानीय लोगों ने किया। हालांकि, पुलिस ने कहा कि इस तरह की कोई घटना हुई है या नहीं टीम इसकी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि किसी भी बचाव कार्य के संबंध में दिल्ली अग्निशमन सेवा या दिल्ली पुलिस को कोई आपातकालीन कॉल नहीं की गई और किसी को भी कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें जानकारी मिली कि कुछ राजनीतिक दलों के नेता वहां गए थे। हम यह जांचने के लिए सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो भी देख रहे हैं कि क्या कोई घटना हुई है? यहां तक कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को भी कोई कॉल नहीं आई। टीम पूरे मामले की जांच कर रही हैं।’’
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे की है, जब लैंडफिल का एक छोटा हिस्सा खिसक कर आस-पास के घरों पर गिर गया, लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कथित घटना के बारे में जानकारी मिलने पर कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने घटनास्थल का दौरा किया।
उन्होंने कहा, ‘‘आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल, जिन्होंने एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) चुनावों से पहले कूड़ों के पहाड़ और जमा कचरे को बड़ा मुद्दा बनाया था और दावा किया था कि आप के सत्ता में आने पर वे इन्हें हटा देंगे, लेकिन उन्होंने लैंडफिल स्थल के पास रहने वाले लोगों को बुरी तरह निराश किया है।"
उन्होंने आरोप लगाया, "बादली विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले भलस्वा लैंडफिल का एक हिस्सा ढहने से न केवल कई घर क्षतिग्रस्त हो गए, बल्कि दो बच्चे घायल हो गए।"
यादव पांच फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में बादली सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं।
यादव ने बताया कि लैंडफिल के पास रहने वाले लगभग 5,000 लोगों को लगातार मलबे के गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे निवासियों को चोट लग सकती है और घरों को नुकसान हो सकता है।
उन्होंने अधिकारियों से गिरते मलबे पर नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने को कहा, क्योंकि और अधिक मकानों पर खतरा है।
दिल्ली नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि लैंडफिल के ढहने जैसी कोई घटना नहीं हुई है, हालांकि जगह को समतल करने के दौरान ताजा कचरे का कुछ हिस्सा लगभग 24 फुट की ऊंचाई से नीचे खिसक गया।
नगर निगम ने कहा कि किसी के कूड़ा में दबने या हताहत होने की घटना नहीं हुई है, क्योंकि यह घटना कूड़ा स्थल की सीमा के भीतर हुई। इसने यह भी कहा कि जो हिस्सा खिसक गया, उसे समतल कर दिया गया है और अन्य अधिकारी भी घटना स्थल पर मौजूद हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)