देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अधिकारी को हिरासत में लिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से कई बार दुष्कर्म करने तथा उसे गर्भवती करने के आरोप में दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को सोमवार को हिरासत में ले लिया।

नयी दिल्ली, 21 अगस्त पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से कई बार दुष्कर्म करने तथा उसे गर्भवती करने के आरोप में दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी को सोमवार को हिरासत में ले लिया।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की पत्नी को भी हिरासत में ले लिया। नाबालिग का बयान दर्ज कराया जा रहा है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला एवं बाल विकास विभाग में उप निदेशक आरोपी अधिकारी के निलंबन के आदेश दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस का एक दल मामले की जांच के संबंध में बुराड़ी में आरोपी अधिकारी के घर पहुंचा।

पीड़ित लड़की एक अक्टूबर, 2020 को अपने पिता के निधन के बाद से आरोपी और उसके परिवार के साथ रह रही थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग में उप निदेशक आरोपी अधिकारी ने नवंबर 2020 और जनवरी 2021 के बीच कई बार लड़की से कथित रूप से बलात्कार किया।

उन्होंने बताया कि अधिकारी की पत्नी पर भी पीड़ित को गर्भपात के लिए दवाएं देने का आरोप लगाया गया है।

अपने अधिकारी के खिलाफ आरोप पर दिल्ली सरकार ने कहा, ‘‘अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\