देश की खबरें | दिल्ली पुलिस ने जी20 नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल की यात्रा से पहले राजघाट पर सुरक्षा बढ़ाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने जी20 नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर जाने से पहले मध्य दिल्ली में राजघाट के आसपास सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की है।

नयी दिल्ली, चार सितंबर दिल्ली पुलिस ने जी20 नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर जाने से पहले मध्य दिल्ली में राजघाट के आसपास सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की है।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सैन ने कहा कि जी20 देशों के नेता 10 सितंबर को राजघाट जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा की उपयुक्त व्यवस्था की गई है और यातायात पुलिस के कर्मी उनकी यात्रा को सुगम बनाएंगे।

जी20 शिखर सम्मेलन नौ-10 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में होने जा रहा है। इसमें 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारियों तथा 14 अंतराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।

शिखर सम्मेलन शुरू होने में चार दिन शेष रह गया है, ऐसे में दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इंतजाम की समीक्षा कर रहे हैं और कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए योजनाएं बना रहे हैं।

सैन ने कहा कि पुलिस दिल्ली और सीमावर्ती इलाकों में कड़ी चौकसी कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘यातायात का प्रबंधन करने के अलावा हमने सीमावर्ती इलाकों की पहचान कर उन्हें उपयुक्त रूप से सुरक्षित करने के लिए एक योजना भी बनाई है।’’

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी को भी 10 सितंबर को पतंग उड़ाने की अनुमति नहीं होगी और (इलाके में) ड्रोन परिचालित करने पर सख्त पाबंदी होगी। ’’

दिल्ली की लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने इससे पहले पीटीआई- से कहा था कि सम्मेलन के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी है और सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\