देश की खबरें | दिल्ली : पुलिस ने फर्जी कागजात पर लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, 21 मई दिल्ली पुलिस ने कथित रूप से फर्जी कागजातों के आधार पर लोगों को विदेश भेजने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि गिरीश भंडारी (48), हिमांशु मेहता (23), गगन शर्मा (22) और रमेश आर्य (38) पिछले 10 .12 वर्षों से टूर एंड ट्रैवल कारोबार की आड़ में यह गिरोह चला रहे थे।

उन्होंने कहा कि गिरोह के मास्टरमाइंड भंडारी ने पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में अपना कार्यालय खोलकर एक फर्म 'हर्ष टूर एंड ट्रैवल' पंजीकृत करायी थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ कई देशों के 80 पासपोर्ट, जाली दस्तावेज, मोहरें और कई लैपटॉप जब्त किए।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रविंद्र सिंह यादव ने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तिलक नगर के प्रेम नगर स्थित एक कार्यालय में छापा मारा और चार लोगों को बड़ी संख्या में पासपोर्ट, फर्जी दस्तावेजों, मुद्रा, जाली बैंक स्टेटमेंट और विभिन्न फर्मों और कंपनियों के लैटर पैड के साथ गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि आरोपी दिल्ली से ही गिरोह चलाते थे और उनके एजेंट पूरे एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और गुजरात में फैले हुए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)