देश की खबरें | दिल्ली : पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत, परिवार ने पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में 'रोड रेज' की एक घटना में दो पक्षों के बीच झड़प के बाद सोमवार को पुलिस हिरासत में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 27 नवंबर उत्तर-पश्चिम दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में 'रोड रेज' की एक घटना में दो पक्षों के बीच झड़प के बाद सोमवार को पुलिस हिरासत में 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मृतक सूरज प्रकाश के परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों की पिटाई से उसकी मौत हुई। पुलिस के मुताबिक, घटना जहांगीरपुरी की ओर जाने वाली सड़क पर आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के समीप रविवार देर रात 'रोड रेज' की घटना में पुलिस के पहुंचने के बाद की है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, पुलिस के एक गश्ती दल ने झगड़े को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष झगड़ते रहे, जिसके बाद गश्ती दल ने आदर्श नगर थाने से पुलिस टीम को बुला लिया।

अधिकारी ने बताया कि जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तीन लोगों को छोड़कर बाकी सभी लोग वहां से भाग गए। अधिकारी के मुताबिक, मौके पर मौजूद तीन लोगों में सूरज प्रकाश भी शामिल था, जिसे तड़के करीब चार बजे मेडिकल जांच के लिए जहांगीरपुरी के बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी ने बताया कि तीनों को कानूनी कार्रवाई के लिए थाना लाया गया, जहां अचानक सूरज प्रकाश की तबीयत बिगड़ गई। अधिकारी के मुताबिक, सूरज को फिर से बीजेआरएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मजलिस पार्क के रहने वाले सूरज प्रकाश के भाई ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि पुलिस ने सूरज प्रकाश की हत्या की है।

उसने आरोप लगाया, ''उन पुलिसवालों ने मेरे भाई को मार डाला। वे लोग इलाके से गुजर रहे थे कि तभी उन्होंने दो लोगों को लड़ते हुए देखा। बीच-बचाव की कोशिश के दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसे डंडा मारा और उसे जाने के लिए कहा। मेरे भाई ने अपना मोबाइल फोन निकाला और घटनास्थल का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने यह देखते ही उस पर हमला कर दिया।''

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि मौके पर छह से सात पुलिसकर्मी मौजूद थे और वे सभी नशे में धुत थे।

पुलिस ने बताया कि मामले की न्यायिक जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\