देश की खबरें | दिल्ली सरकार प्रोत्साहनों को औपचारिक रूप देने के लिए फिल्म नीति संबंधी दिशानिर्देश जारी करेगी

नयी दिल्ली, तीन मई दिल्ली सरकार शूटिंग के दिनों और फिल्म निर्माण में कार्यरत कर्मियों (क्रू) में स्थानीय लोगों की संख्या सहित विभिन्न मानदंडों के आधार पर प्रोत्साहनों को औपचारिक रूप देने के मकसद से अपनी फिल्म नीति के लिए ‘‘परिचालन दिशानिर्देश’’ अधिसूचित करेगी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अंक निर्धारित करने के लिए ‘‘एक अंक प्रणाली’’ होगी, जिसके माध्यम से फिल्म निर्माता उन्हें मिल सकने वाली सब्सिडी के बारे में पता लगा सकते हैं।

दिल्ली फिल्म नीति-2022 विभिन्न कदमों के जरिए शहर को फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पिछले साल मई में शुरू की गई थी। सरकार ने उस समय से मार्च तक 13 फिल्म और वेब सीरीज की शूटिंग की सुविधा दी है। इनमें दो हॉलीवुड फिल्म भी शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि अब तक सब्सिडी को औपचारिक रूप नहीं दिया गया था और यह लचीली थी। उन्होंने कहा, ‘‘नए दिशानिर्देश प्रणाली को समरूप बनाने में मदद करेंगे।’’

दिशानिर्देशों में यह भी उल्लेख होगा कि फिल्म के बाद और पहले आभार सूची कैसे शामिल की जानी चाहिए।

दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) राजधानी में फिल्म निर्माण के लिए सहायक के रूप में कार्य करता है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने दिशानिर्देशों को औपचारिक रूप देने के लिए हितधारकों के साथ बैठकें की हैं। सरकार नीति के लिए दिशानिर्देश तैयार कर रही है, जो फिल्म निर्माण में शामिल दिल्ली के कर्मियों की प्रतिशतता के आधार पर सब्सिडी देकर प्रोत्साहन मुहैया कराएगी।’’

डीटीटीडीसी के एक अन्य अधिकारी ने दिशानिर्देशों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ये नियम फिल्म निर्माताओं को दिए जाने वाले प्रोत्साहन और सब्सिडी के बारे में बताएंगे।

इस नीति में शूटिंग के लिए 15 दिन में अनुमति की सुविधा प्रदान करने वाली एकल-खिड़की प्रणाली का प्रावधान है। फिल्म निर्माण से संबंधित विभिन्न अनुमति के लिए 25 से अधिक एजेंसियों को साथ लाकर इस दिशा में एक पोर्टल तैयार किया गया है।

फिल्म की शूटिंग की अनुमति लेने के लिए दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट पर जाना होगा और ‘ई-फिल्म क्लीयरेंस’ आइकन पर क्लिक कर शूटिंग के लिए आवेदन करना होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)