देश की खबरें | दिल्ली ने राजस्थान रॉयल्स को 189 रन का लक्ष्य दिया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की जुझारू पारी के बाद कप्तान अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पांच विकेट पर 188 रन बनाए।

नयी दिल्ली, 16 अप्रैल सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की जुझारू पारी के बाद कप्तान अक्षर पटेल और ट्रिस्टन स्टब्स की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पांच विकेट पर 188 रन बनाए।

दिल्ली की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। उन्होंने लोकेश राहुल (38) के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। अक्षर ने अंत में 14 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों से 34 रन जबकि स्टब्स ने 18 गेंद में दो चौकों और इतने ही छक्कों से नाबाद 34 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 190 रन के करीब पहुंचाया।

रॉयल्स की ओर से जोफ्रा आर्चर सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए। वानिंदु हसरंगा (38 रन पर एक विकेट) और महेश तीक्षणा (40 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।

रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जैक फ्रेजर मैकगर्क (09) ने जोफ्रा आर्चर पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की लेकिन इसी तेज गेंदबाज के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर यशस्वी जायसवाल को आसान कैच दे बैठे।

मुंबई इंडियन्स के खिलाफ पिछले मैच में अर्धशतक जड़ने वाले करूण नायर खाता खोले बिना रन आउट हो गए। संदीप शर्मा की गेंद अभिषेक पोरेल के शरीर से टकराकर बैकवर्ड प्वाइंट पर वानिंदु हसरंगा के पास पहुंची और नायर रन लेने के लिए दौड़ पड़े। हसरंगा ने गेंद को संदीप की ओर फेंका जिन्होंने नायर के क्रीज पर पहुंचने से पहले स्टंप उखाड़ दिए।

पोरेल ने दूसरे ओवर में तुषार देशपांडे को निशाना बनाते हुए उनके ओवर में चार चौकों और एक छक्के से 23 रन बटोरे।

दिल्ली ने पावर प्ले में दो विकेट पर 46 रन बनाए।

अच्छी फॉर्म में चल रहे राहुल ने देशपांडे पर छक्के के साथ सातवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

गेंद के थोड़ा पुराना होने के बाद बल्लेबाजों को रन बनाने में थोड़ी परेशानी हुई जिससे बीच में ओवरों में गेंदबाजों ने रन गति पर अंकुश लगाया।

राहुल ने तीक्षणा पर लॉन्ग ऑफ पर छक्के से पोरेल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की।

रन गति बढ़ाने का दबाव बल्लेबाजों पर दिख रहा था और आर्चर की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में राहुल ने डीप मिडविकेट पर शिमरोन हेटमायर को कैच थमा दिया। उन्होंने 32 गेंद की अपनी पारी में दो छक्के और इतने ही चौके मारे।

पोरेल आर्चर की बाउंसर पर भाग्यशाली रहे जब गेंद उनके बल्ला का किनारा लेकर विकेटकीपर सैमसन के हाथों में पहुंची लेकिन किसी ने अपील नहीं की।

ट्रिस्टन स्टब्स ने हसरंगा पर छक्के के साथ 14वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन पोरेल इसी ओवर में लॉन्ग ऑफ पर रियान पराग के हाथों लपके गए। पोरेल ने 37 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा।

अक्षर ने हसरंगा की लगातार गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया। स्टब्स इसी ओवर में भाग्यशाली रहे जब लॉन्ग ऑफ पर पराग ने उनका कैच टपका दिया।

अक्षर ने अगले ओवर में तीक्षणा पर भी एक छक्का और दो चौके मारे लेकिन इसी स्पिनर की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे। उन्होंने 14 गेंद की अपनी पारी में दो छक्के और चार चौके मारे।

स्टब्स ने 19वें ओवर में आर्चर पर दो चौके मारे जबकि आशुतोष शर्मा (नाबाद 15) ने भी गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए।

संदीप ने अंतिम ओवर में लगातार तीन वाइड और एक नोबॉल फेंकी जिसमें फ्री हिट पर स्टब्स ने चौका मारा और फिर अगली फुलटॉस पर छक्का जड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस के सामने रखा 240 रनों का विशाल लक्ष्य, फिल सॉल्ट और रजत पाटीदार ने खेली तूफानी पारियां; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

MI vs RCB, IPL 2026 20th Match Live Toss And Scorecard: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड

LSG vs GT, IPL 2026 19th Match Scorecard: गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया, जोस बटलर और शुभमन गिल ने खेली शानदार पारियां; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite: वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रोमांचक मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट