देश की खबरें | दिल्ली कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली, 20 जुलाई कांग्रेस की दिल्ली इकाई के नेताओं ने बुधवार को यहां पार्टी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पार्टी के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि शीला दीक्षित के पुत्र संदीप दीक्षित ने दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल कुमार और पूर्व विधायक अनिल भारद्वाज के साथ श्रद्धांजलि दी।

कुमार ने कहा, ''शीला दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस के 15 वर्ष के शासनकाल के दौरान दिल्ली में अभूतपूर्व विकास हुआ। वह एक ऐसी नेता थीं, जो कभी कोरी बयानबाजी में लिप्त नहीं रहीं। दिल्ली की मौजूदा सरकार केवल कांग्रेस सरकार द्वारा बनाई गई नीतियों और योजनाओं का अनुसरण कर रही है।''

उन्होंने दावा किया कि जब कांग्रेस राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में थी, तब दिल्ली ने कभी भी ''बेरोजगारी का सामना नहीं किया'' और देशभर के लोग ''काम के लिए दिल्ली आते थे।''

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ''शहर में बेरोजगारी बढ़ने के साथ ही, राष्ट्रीय राजधानी में विकास कार्य पूरी तरह से रुक गया है। वर्तमान सरकार की प्रतिगामी नीतियों के चलते कारोबारों को नुकसान हो रहा है और वे बंद हो रहे हैं। ''

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस सांसदों गौरव गोगोई और शशि थरूर समेत कई अन्य नेताओं ने ट्वीट करके शीला दीक्षित को श्रद्धांजलि दी।

शीला दीक्षित सबसे लंबे समय तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। उनके नेतृत्व में पार्टी ने लगातार तीन बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। 20 जुलाई, 2019 को 81 वर्ष की आयु में दिल का दौरा पड़ने के कारण उनका निधन हो गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)