देश की खबरें | दिल्ली भाजपा का जंतर मंतर पर प्रदर्शन, राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत के इस्तीफे की मांग

नयी दिल्ली, 15 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के नेताओं ने महरौली में अतिक्रमण रोधी अभियान के मामले को लेकर यहां जंतर मंतर पर बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया और राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत के इस्तीफे की मांग की।

भाजपा ने कहा कि दिल्ली के राजस्व विभाग की ओर से भूमि चिह्नित करने में ‘‘गलती’’ के कारण इलाके के घरों को गिराया गया, इसलिए मंत्री ‘‘नैतिक रूप से जिम्मेदार’’ हैं और उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना से मांग की कि महरौली में अनधिकृत निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

भाजपा नेताओं के साथ पहुंचे प्रभावित निवासियों से मुलाकात के बाद सक्सेना ने मंगलवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) को अतिक्रमण रोधी अभियान रोकने के निर्देश दिये थे।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मांग की कि केजरीवाल सरकार को महरौली घटना पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाना चाहिए।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार महरौली विध्वंस के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार है। राजस्व मंत्री कैलाश गहलोत को नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)