देश की खबरें | दिल्ली विधानसभा ने मणिपुर हिंसा, नूंह झड़पों में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा ने मणिपुर में जातीय हिंसा और हरियाणा के नूंह में साम्प्रदायिक झड़पों में जान गंवाने वाले लोगों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
नयी दिल्ली, 16 अगस्त दिल्ली विधानसभा ने मणिपुर में जातीय हिंसा और हरियाणा के नूंह में साम्प्रदायिक झड़पों में जान गंवाने वाले लोगों को बुधवार को श्रद्धांजलि दी।
दिल्ली विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुधवार को शुरू हुआ। दिल्ली में समूह ‘ए’ के अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन से जुड़े राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (संशोधन) विधेयक, 2023 लागू होने के बाद पहली बार विधानसभा का सत्र बुलाया गया है।
सत्र शुरू होते ही बालासोर रेल हादसे में मारे गए लोगों, पुंछ में आतंकवादी हमले में शहीद हुए पांच जवानों, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते जान गंवाने वाले लोगों तथा मणिपुर हिंसा और नूंह में साम्प्रदायिक झड़पों में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि दी गयी।
ओडिशा के बालासोर जिले में दो जून को हुए रेल हादसे में 293 लोग मारे गए थे।
मणिपुर में तीन मई से मेइती और कुकी समुदायों के बीच व्यापक पैमाने पर जातीय हिंसा हो रही है तथा अब तक 150 लोगों की मौत हो चुकी है।
हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की एक शोभायात्रा पर 31 जुलाई को हमला किए जाने के बाद हिंसा भड़क गई थी और यह गुरुग्राम समेत आसपास के इलाकों तक फैल गयी थी, जिसमें दो होमगार्ड तथा एक नायब इमाम समेत छह लोगों की मौत हो गयी।
इन सभी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों की याद में विधानसभा के सदस्यों ने दो मिनट का मौन भी रखा।
सदन ने सार्वजनिक शौचालय बनाने में अग्रणी रहे बिंदेश्वर पाठक को भी श्रद्धांजलि दी। मंगलवार को राष्ट्रध्वज फहराने के तुरंत बाद दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)