बेंगलुरु, आठ फरवरी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 11 फरवरी को यहां होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट 2025 का उद्घाटन करेंगे । कर्नाटक सरकार के मंत्री एम बी पाटिल ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री के अनुसार, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाएंगे और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया शाम चार बजे उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संशोधित सिंगल विंडो सिस्टम की शुरूआत करेंगे। कार्यक्रम में राज्य की नई औद्योगिक नीति 2025-30 का भी अनावरण किया जाएगा।
पाटिल ने कहा कि राज्य को प्रमुख क्षेत्रों में 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद है, तथा इनमें से कम से कम 70 प्रतिशत प्रतिबद्धताओं को पूरा करने का लक्ष्य है।
मंत्री ने कर्नाटक के औद्योगिक और आर्थिक भविष्य के लिए एक साहसिक दृष्टिकोण की रूपरेखा प्रस्तुत की। 12-14 फरवरी, 2025 तक चलने वाले इस शिखर सम्मेलन में 11 फरवरी को उद्घाटन समारोह के साथ कर्नाटक की नवाचार और निवेश केंद्र के रूप में रणनीतिक स्थिति पर प्रकाश डाला जाएगा, साथ ही उद्योगों में वैश्विक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में व्यापक औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर क्षेत्र-विशिष्ट औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।
मंत्री के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि केंद्रीय मंत्रियों पीयूष गोयल, प्रहलाद जोशी, एच डी कुमारस्वामी, निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, शोभा करंदलाजे और वी सोमन्ना सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की पुष्टि की है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समापन समारोह में भाग लेंगे।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पाटिल ने कहा, ‘‘हमने सभी केंद्रीय मंत्रियों को आमंत्रित किया है। उनमें से कुछ ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। चूंकि संसद सत्र भी चल रहा है... केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रहलाद जोशी और एच डी कुमारस्वामी ने उद्घाटन सत्र में भाग लेने की पुष्टि की है और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सिंगल विंडो पोर्टल का उद्घाटन करेंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY