नयी दिल्ली, 28 नवंबर फिल्मकार मेघना गुलजार ने कहा है कि वर्ष 2020 में “छपाक” के प्रचार के दौरान अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) जाने से फिल्म पर प्रभाव पड़ा था क्योंकि इसकी वजह से इस फिल्म में उठाए गए मुद्दे से ध्यान हट गया था।
पादुकोण उस समय फिल्म के प्रचार के सिलसिले में दिल्ली में थीं और वह जेएनयू में हुई हिंसा में कई छात्रों के घायल होने के बाद उनके प्रति एकजुटता जताने के लिए विश्वविद्यालय पहुंच गई थीं।
अपनी आगामी फिल्म “सैम बहादुर” का प्रचार कर रहीं मेघना ने कहा कि इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि यात्रा से फिल्म पर प्रभाव पड़ा था।
उन्होंने ‘इंडियन एक्सप्रेस अड्डा’ के दौरान कहा, “मुझे लगता है कि जवाब बिल्कुल स्पष्ट है। हां, इससे फिल्म पर असर पड़ा क्योंकि यह फिल्म तेजाब हमले से संबंधित थी और मैं चाहती थी कि इस मुद्दे पर बात की जाए... बातचीत पटरी से उतरकर कहीं और चली गई, इसलिए निश्चित रूप से इसका फिल्म पर असर पड़ा। बेशक फिल्म पर असर पड़ा इसमें कोई शक नहीं है।”
दीपिका पादुकोण के जेएनयू जाने से राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया था और अभिनेत्री को इंटरनेट पर 'छपाक का बहिष्कार' हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ा था।
तेजाब हमले की शिकार लक्ष्मी अग्रवाल के जीवन पर आधारित “छपाक” कमाई के मामले में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY