देश की खबरें | पहलवानों से अपने पदक हरिद्वार में गंगा नदी में नहीं प्रवाहित करने की अपील की दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता और हरियाणा से राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को पहलवानों से अपने पदक हरिद्वार में गंगा नदी में नहीं प्रवाहित करने की अपील की।

लखनऊ, 30 मई कांग्रेस नेता और हरियाणा से राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को पहलवानों से अपने पदक हरिद्वार में गंगा नदी में नहीं प्रवाहित करने की अपील की।

खिलाड़ियों और बेटियों का बार बार अपमान करने का आरोप लगाते हए उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हरिद्वार में गंगा नदी में अपने पदक विसर्जित करने जा रहे हैं, ऐसे में लोग इसे लेकर बेहद दुखी हैं

हुड्डा ने कहा,‘‘ मैं खिलाड़ियों से अपील करना चाहता हूं कि वे ऐसा नहीं करें।’’

उन्होंने कहा, "ये पदक देश के सम्मान हैं। ये पदक भाजपा सांसद बृजभूषण (शरण सिंह) की मेहरबानी से नहीं मिले हैं। खिलाड़ियों ने इसे अपनी मेहनत से जीता है। "

दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने और जंतर-मंतर में धरना स्थल से हटा दिये जाने के बाद देश के शीर्ष पहलवानों ने मंगलवार को कहा कि वे कड़ी मेहनत से जीते अपने पदक गंगा नदी में बहा देंगे और इंडिया गेट पर ‘आमरण अनशन’ पर बैठेंगे।

रियो ओलंपिक 2016 की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक बयान में कहा कि पहलवान मंगलवार को शाम छह बजे पदकों को पवित्र नदी में प्रवाहित करने के लिए हरिद्वार जाएंगे।

साक्षी ने बयान में कहा, ‘‘पदक हमारी जान हैं, हमारी आत्मा हैं। हम इन्हें गंगा में बहाने जा रहे हैं क्योंकि गंगा हमारी मां है। इनके गंगा में बहने के बाद हमारे जीने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा इसलिए हम इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठ जाएंगे।’’

साक्षी की साथी पहलवान विनेश फोगाट ने भी इस बयान को शेयर किया।

मंगलवार को हरिद्वार में गंगा दशहरा है और संभवत: एक ऐसा दिन जब बड़ी संख्या में लोग वहां पूजा करने आएंगे।

साक्षी ने कहा, ‘‘जितना पवित्र हम गंगा को मानते हैं उतनी ही पवित्रता से हमने मेहनत करके इन पदकों को हासिल किया था। ये पदक सारे देश के लिए ही पवित्र हैं और पवित्र पदक को रखने की सही जगह पवित्र मां गंगा ही हो सकती है, न कि हमें मुखौटा बना फायदा हमारा लेने के बाद हमारे उत्पीड़क के साथ खड़ा हो जाने वाला हमारा अपवित्र तंत्र।’’

हुड्डा ने पत्रकार वार्ता में केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा, " नौ साल, देश बेहाल । मोदी सरकार ने देश के लोगों को निराश किया है। यह देश से किए गए वादों को पूरा नहीं कर पाई है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\