विदेश की खबरें | चक्रवात ‘इयान’ ने क्यूबा में दी दस्तक, कल तक फ्लोरिडा पहुंचने के आसार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. हवाना, 27 सितंबर (एपी) चक्रवात ‘इयान’ ने मंगलवार को मूसलाधार बारिश और तेज रफ्तार वाली हवाओं के साथ क्यूबा के पश्चिमी तट पर दस्तक दी। चक्रवात के मद्देनजर यहां से क्यूबा की सरकार अब तक 50 हजार लोगों को सकुशल निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी है।
हवाना, 27 सितंबर (एपी) चक्रवात ‘इयान’ ने मंगलवार को मूसलाधार बारिश और तेज रफ्तार वाली हवाओं के साथ क्यूबा के पश्चिमी तट पर दस्तक दी। चक्रवात के मद्देनजर यहां से क्यूबा की सरकार अब तक 50 हजार लोगों को सकुशल निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी है।
यह चक्रवात कमजोर होने के बजाय तेजी से ताकतवर होता जा रहा है। यह तेज गति के साथ उत्तर की ओर बढ़ रहा है और बुधवार तक इसके मैक्सिको की खाड़ी से होते हुए अमेरिकी राज्य फ्लोरिडा के तट पर पहुंचने के आसार हैं। फ्लोरिडा में 25 लाख लोगों को चक्रवात के पहुंचने से पहले ही सुरक्षित निकालने के आदेश दिये गये हैं।
यूक्रेन में दस्तक देते समय ‘इयान’ श्रेणी-3 का चक्रवात दिखा। लेकिन अनुमान है कि जब यह चक्रवात फ्लोरिडा के तट पर पहुंचेगा तब तक यह आपदाकारी श्रेणी-4 के चक्रवात में तब्दील हो चुका होगा। श्रेणी-3 का चक्रवात उसे कहते हैं, जिसमें हवाओं की गति कम से कम 178 किलोमीटर प्रति घंटा होती है।
यूएस नेशनल हरिकेन सेंटर (यूएसएनएचसी) ने बताया कि यह चक्रवात प्रचंड होता जा रहा है। इसे मद्देनजर फ्लोरिडा में अधिकारियों ने चक्रवात के आने से पहले ही 25 लाख लोगों को सकुशल निकालने का आदेश दिया है।
यूएसएनएचसी ने कहा कि स्थानीय समयानुसार सुबह साढ़े चार बजे इयान ने क्यूबा के तट पर दस्तक दी।
क्यूबा की सरकार ने इयान के पहुंचने से पहले ही मुख्य तंबाकू क्षेत्र पिनार डेल रियो प्रांत से 50 हजार से अधिक लोगों को हटा कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। सरकार ने इस द्वीपीय देश में 55 आश्रय स्थल तैयार किये हैं।
यूएसएनएचसी ने कहा कि क्यूबा के पश्चिम तट पर इयान के कारण 14 फुट ऊंची लहरें दिखीं। यूएसएनएचसी के वरिष्ठ विशेषज्ञ डेनियन ब्राउन ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा कि क्यूबा को पहले से आशंका थी कि प्रचंड चक्रवात और खतरनाक लहरों के साथ भारी बारिश होगी।
क्यूबा से आगे बढ़ने पर इयान के अपेक्षाकृत गर्म जल वाली मैक्सिको की खाड़ी में पहुंचने पर और ताकतवर होने की उम्मीद है, जिसके कारण बुधवार को इसके फ्लोरिडा तट पर पहुंचने पर हवाओं की रफ्तार बढ़कर 225 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है।
फ्लोरिडा के गर्वनर रोन डीसेंटिस ने राज्यव्यापी आपातकाल का ऐलान करते हुए आगह किया है कि चक्रवात राज्य के बड़े हिस्से पर कहर बरपा सकता है।
डीसेंटिस ने कहा कि अनुमानित 25 लाख लोगों को सुरक्षित निकालने के आदेश दिये गये हैं। गवर्नर ने कहा कि फ्लोरिडा नेशनल गार्ड के 5000 जवानों को पड़ोसी राज्यों में तैनात किया गया है, जबकि 2000 जवानों को तैयार रहने को कहा गया है।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी एक आपातकाल की घोषणा की है। बाइडन ने जानमाल की रक्षा के लिए आंतरिक सुरक्षा विभाग और संघीय आपात प्रबंधन एजेंसी को आपदा राहत कार्य में समन्वय और सहयोग करने के लिए कहा है।
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी ‘नासा’ ने इयान की वजह से केनेडी स्पेस सेंटर से अपने ‘मून रॉकेट’ के प्रक्षेपण की दिशा में धीमी गति से आगे बढ़ने की योजना बनाई और कहा है कि परीक्षण उड़ान में हफ्तों की देरी होगी।
टैम्पा और पीटर्सबर्ग हवाईअड्डों ने ऐलान कि मंगलवार को वह विमानों का परिचालन बंद रखेंगे।
एपी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)