देश की खबरें | सीडब्ल्यूसी बैठक, एआईसीसी अधिवेशन की तैयारियों में जुटी गुजरात कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अगले सप्ताह होने वाली विस्तारित कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अधिवेशन के लिए यहां तैयारियां जोरों पर हैं।
अहमदाबाद, चार अप्रैल अगले सप्ताह होने वाली विस्तारित कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अधिवेशन के लिए यहां तैयारियां जोरों पर हैं।
कांग्रेस की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च संस्था सीडब्ल्यूसी की बैठक आठ अप्रैल को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक पर होगी, जबकि एआईसीसी अधिवेशन नौ अप्रैल को साबरमती रिवरफ्रंट पर होगा।
एआईसीसी अधिवेशन के लिए साबरमती रिवरफ्रंट पर एक बड़ा पंडाल बनाया जा रहा है, जबकि सीडब्ल्यूसी बैठक के लिए पटेल स्मारक के परिसर में एक और संरचना बनाई जा रही है।
गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता हिरेन बांकड़ ने कहा, "सीडब्ल्यूसी बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत 262 नेता भाग लेंगे। चूंकि यह एक विस्तारित सीडब्ल्यूसी है, इसलिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दल के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है।"
साल 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले इसी स्थान पर सीडब्ल्यूसी की बैठक हुई थी।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा, "सीडब्ल्यूसी की बैठक पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे शुरू होगी। नेता इस बात पर चर्चा करेंगे कि कांग्रेस देश के लिए क्या कर सकती है और पार्टी कार्यकर्ता कांग्रेस के लिए क्या कर सकते हैं।" गुजरात में 64 साल बाद एआईसीसी का अधिवेशन हो रहा है।
दोशी ने कहा कि पार्टी के 139 साल के इतिहास में गुजरात ने सिर्फ दो बार ही इस तरह के बड़े सम्मेलन की मेजबानी की है।
आखिरी बार यह सम्मेलन 1961 में भावनगर में हुआ था। सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक होने वाले एआईसीसी अधिवेशन में देशभर से करीब 3,000 प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इससे पहले एक बयान में पार्टी ने घोषणा की थी कि एआईसीसी अधिवेशन में भाजपा की "जनविरोधी" नीतियों और संविधान पर हमले से उत्पन्न चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही कांग्रेस के लिए रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।
दोशी ने कहा कि गुजरात इकाई ने कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं जैसे कि आवास, भोजन और मीडिया समन्वय के लिए कई समितियों का गठन किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)