देश की खबरें | येचुरी के नेतृत्व में माकपा का शिष्टमंडल 18 अगस्त को मणिपुर जाएगा

नयी दिल्ली, 17 अगस्त मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के नेतृत्व में पार्टी का चार सदस्यीय शिष्टमंडल 18 से 20 अगस्त तक मणिपुर के दौरे पर रहेगा। माकपा द्वारा जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है।

येचुरी के अलावा इस शिष्टमंडल में पार्टी की केन्द्रीय समिति के सदस्य जितेन्द्र चौधरी (त्रिपुरा राज्य समिति के सचिव), सुप्रकाश तालुकदार (असम राज्य समिति के सचिव) और देबलीना हेम्ब्रम शामिल हैं।

शिष्टमंडल मणिपुर के हिंसा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के अलावा चुड़ाचांदपुर, मोइरांग और इंफाल में स्थित राहत शिविरों का भी दौरा करेगा।

माकपा द्वारा जारी बयान के अनुसार, शिष्टमंडल मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके और सिविल सोसायटी के संगठनों से इंफाल में भेंट करेगा।

मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के खिलाफ पहाड़ी जिलों में तीन मई को आयोजित ‘ट्राइबल सॉलिडरिटी मार्च’ (आदिवासी एकजुटता मार्च) वाले दिन राज्य में जातीय हिंसा भड़क गई थी और अभी तक इसमें 150 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

मणिपुर में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी समुदाय के आदिवासियों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे पहाड़ी जिलों में रहते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)