देश की खबरें | असम के होटल में फर्जी पहचानपत्र दिखाकर रह रहा ‘युगल’ गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के तिनसुकिया जिले के एक होटल में कथित तौर पर फर्जी पहचानपत्र के साथ विवाहित जोड़े के रूप में रह रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों एक महीने से अधिक समय से होटल में रह रहे थे।
तिनसुकिया (असम), 23 सितंबर असम के तिनसुकिया जिले के एक होटल में कथित तौर पर फर्जी पहचानपत्र के साथ विवाहित जोड़े के रूप में रह रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि दोनों एक महीने से अधिक समय से होटल में रह रहे थे।
अधिकारी ने कहा कि पुलिस भारत विरोधी किसी भी संगठन से दोनों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देबोजीत देउरी ने कहा कि गिरफ्तार जोड़े में से पुरुष कर्नाटक का निवासी है और महिला जम्मू कश्मीर की निवासी है। दोनों 16 अगस्त से यहां एक होटल में विवाहित जोड़े के रूप में रह रहे थे, हालांकि उनकी वैवाहिक स्थिति के बारे में संदेह है।
देउरी ने कहा, ‘‘उन्होंने होटल में रहने के लिए फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था। सेना को उन पर संदेह था और जब फर्जी कार्ड का मामला सामने आया तो सेना के जवानों ने तिनसुकिया सदर पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।’’ देउरी ने कहा कि प्राथमिकी के आधार पर उन्हें बृहस्पतिवार शाम गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने कहा कि उनके खिलाफ मुख्य आरोप फर्जी पहचान पत्र के इस्तेमाल का है, हालांकि उनके आईएसआई या जिहादियों से संबंध होने की भी संभावना की भी जांच की जा रही है।
देउरी ने यह भी कहा कि दोनों आरोपी पुलिस जांच के दौरान अपने बयान बदल रहे हैं और उनके बयानों की पुष्टि की जा रही है। एसपी ने कहा, ‘‘हमें उनके बयानों को सत्यापित करने में कुछ समय लगेगा। लेकिन जांच जारी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)