देश की खबरें | देश के पहले सीडीएस जनरल रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य की हेलीकॉप्टर हादसे में मृत्यु

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वायुसेना और प्रदेश के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कुन्नूर (तमिलनाडु)/नयी दिल्ली, आठ दिसंबर भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वायुसेना और प्रदेश के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि तीनों सेनाओं के प्रमुख जनरल रावत (63) को इस महीने के अंत में नए पद पर रहते दो साल पूरे हो जाते। थल सेना प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके जनरल रावत दुर्घटनाग्रस्त हुए वायुसेना के एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर में सवार थे। वायुसेना की तरफ से बताया गया कि इस दुर्घटना में डीएसएससी के डायरेक्टिंग स्टाफ ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह एससी घायल हैं और फिलहाल सैन्य अस्पताल, वेलिंगटन में उनका उपचार चल रहा है।

अपने मुखर बयानों से कई बार विवाद खड़े कर देने वाले जनरल बिपिन रावत वेलिंगटन (नीलगिरी पहाड़ी) स्थित डिफेंस सर्विसेज स्टॉफ कॉलेज (डीएसएससी) जा रहे थे जहां उन्हें शिक्षकों एवं छात्रों को संबोधित करना था।

वायुसेना ने कहा कि हादसे की जांच के लिये कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया गया है।

एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर एक उन्नत सैन्य परिवहन हेलीकॉप्टर है जोकि वर्ष 2012 से वायुसेना के बेड़े में शामिल है। रशियन हेलीकॉप्टर्स की सहायक कंपनी 'कजान' द्वारा निर्मित एमआई-17वी5 हेलीकॉप्टर मौसम रडार के साथ ही नवीनतम पीढ़ी के 'नाइट विजन' उपकरणों से लैस है।

वायुसेना ने शाम करीब छह बजे ट्वीट कर बताया, “बहुत ही अफसोस के साथ इसकी पुष्टि हुई है कि दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हेलीकॉप्टर सवार जनरल बिपिन रावत, श्रीमती मधुलिका रावत और 11 अन्य की मृत्यु हो गई है।”

इससे पहले नीलगिरी के जिलाधिकारी एस. पी. अमृत ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति की जान बच गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\