देश की खबरें | मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है : नड्डा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेगी।
पुडुचेरी, 31 जनवरी भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करेगी।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त तथा विकासोन्मुखी सरकार देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है।
नड्डा ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के चुनावों में भाजपा 30 में से 23 सीटों पर जीत हासिल करेगी।
नड्डा ने दावा किया, “पिछले 35 साल में कांग्रेस के राज में केंद्र शासित प्रदेश की 52 प्रतिशत जनसंख्या गरीबी रेखा से नीचे है।”
उन्होंने कहा कि पेशेवर पाठ्यक्रम संचालित करने वाले कॉलेजों में भी भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
यहां एक बड़ी चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने लंबे समय तक स्थानीय निकाय चुनाव नहीं करवाए और भ्रष्टाचार के कारण पुडुचेरी के छात्रों को कालेजों में केंद्रीय सीटें आवंटित नहीं की गईं।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में पुडुचेरी को केंद्र से 70 प्रतिशत अनुदान मिलता था लेकिन नारायणसामी के केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद इसमें कटौती कर 30 प्रतिशत कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि पुडुचेरी कर्ज के जाल में फंस गया तथा 76 प्रतिशत युवा बेरोजगार हो गए और खादी जैसे सहकारी क्षेत्र के कर्मचारियों को चार साल तक वेतन नहीं दिया गया।
पुडुचेरी में अप्रैल या मई की शुरुआत में चुनाव हो सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)