देश की खबरें | अन्य राज्यों से आने वाले ट्रक से फैल रहा है कोरोना वायरस: ममता बनर्जी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिले में एक प्रशासनिक बैठक के दौरान हाल ही में झारग्राम में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि पर चिंता जताते हुए कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले ट्रक और लॉरी से संक्रमण फैल रहा है।
कोलकाता, सात अक्टूबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिले में एक प्रशासनिक बैठक के दौरान हाल ही में झारग्राम में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि पर चिंता जताते हुए कहा कि अन्य राज्यों से आने वाले ट्रक और लॉरी से संक्रमण फैल रहा है।
बनर्जी ने यह भी कहा कि संक्रमण किस माध्यम से आ रहा है इस पर अभी कोई पुष्ट जानकारी नहीं है और ट्रकों के टायर की “फोरेंसिक जांच” करना आवश्यक है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह संक्रमित नहीं हैं।
उन्होंने कहा, “हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि झारग्राम की सीमा झारखंड से लगती है। मुंबई, चेन्नई और अन्य राज्यों से आने वाले ट्रक जिले से होकर गुजरते हैं। टोल प्लाजा से गुजरने वाली कुछ लॉरी की हम फोरेंसिक जांच करवा सकते हैं जिससे पता चल सकता है इनके माध्यम से संक्रमण फैल रहा है या नहीं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता कि वायरस कपड़ों और बैग से फैलता है या नहीं।
बनर्जी ने कहा, “मुझे लगता है कि यह (कोविड-19) हवा से भी फैलता है। दरअसल हमें यह पक्के तौर पता नहीं है कि यह कैसे फैल रहा है। हो सकता है कि यह उन बैग से फैल रहा हो जो हम इस्तेमाल करते हैं। हम यही कर सकते हैं कि हमें उचित एहतियाती उपाय करने होंगे। झारग्राम में संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं इसलिए हमें पहले से कदम उठाने होंगे।”
उन्होंने कहा कि बाहर के राज्यों से आने वाले ट्रक चालकों को अपने साथ खाना लेकर आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ट्रक चालकों के ढाबे पर बैठकर खाने से भी वायरस फैल सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)