देश की खबरें | ठेकेदार मौत मामला: भाजपा नेता अरुण सिंह ने ईश्वरप्पा का इस्तीफा मांगने पर कांग्रेस की आलोचना की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी के महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह ने कर्नाटक के मंत्री के एस ईश्वरप्पा का इस्तीफा मांगने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राजस्थान में हो रहे “अत्याचार और बलात्कार” का हवाला दिया।
बेलगावी (कर्नाटक), 13 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी के महासचिव और कर्नाटक प्रभारी अरुण सिंह ने कर्नाटक के मंत्री के एस ईश्वरप्पा का इस्तीफा मांगने को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर पलटवार करते हुए राजस्थान में हो रहे “अत्याचार और बलात्कार” का हवाला दिया।
एक ठेकेदार द्वारा कथित आत्महत्या करने पर कांग्रेस ने कर्नाटक के मंत्री के. एस. ईश्वरप्पा के इस्तीफे की मांग की थी जिसका सिंह ने जवाब दिया।
राजस्थान में कांग्रेस की सरकार है।
निकार्य कार्य ठेकेदार संतोष के पाटिल ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री ईश्वरप्पा पर , उसके द्वारा किए गए एक कार्य का बिल मंजूर कर धन राशि जारी करने के एवज में, अपने दो सहयोगियों के मार्फत 40 प्रतिशत घूस की मांग करने का आरोप लगाया था।
मंगलवार को एक लॉज में पाटिल का शव पाया गया। मंत्री ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों का खंडन किया है।
सिंह ने बेलगावी जिले के चिक्कोड़ी में संवाददाताओं से कहा, “यह बेहद दुखद घटना है। मैं इस पर अपना दुख व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री इस पूरे मामले की जांच करवा रहे हैं। इसके पीछे कौन सा कोण है? इसके पीछे कौन है? किसने उसे आत्महत्या के लिए उकसाया? इस पर जांच के बाद शीघ्र ही निर्णय लिया जाएगा।”
ठेकेदार ने आरोप लगाया था कि ईश्वरप्पा ने बेलगावी जिले के हिंदाल्गा गांव में निकाय कार्य कराने के लिए जारी निधि में से 40 प्रतिशत कमीशन की मांग की। उडुपी पुलिस ने ईश्वरप्पा और उनके सहयोगियों बसवराज रमेश तथा अन्य के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
कांग्रेस पार्टी ने ईश्वरप्पा की गिरफ्तारी और सरकार से बर्खास्तगी की मांग की है। मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर सरकार पर दबाव बनाने के बारे में पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि विपक्षी दल को देखना चाहिए कि उसके द्वारा शासित राजस्थान में दलितों पर किस प्रकार के अत्याचार किये जा रहे हैं।
सिंह ने दावा किया, “जयपुर में एक एम्बुलेंस में एक महिला का बलात्कार किया गया, करौली और धौलपुर में महिलाओं पर अत्याचार किया जा रहा है और उनकी हत्या की जा रही है। (कांग्रेस नेता) प्रियंका गांधी सवाई माधोपुर में थीं जब एक महिला की हत्या हो गई लेकिन वह घटनास्थल पर नहीं गई।”
सिंह ने कहा कि दलितों पर अत्याचार और महिलाओं के बलात्कार के मामले में कांग्रेस शासित राजस्थान सबसे ऊपर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)