देश की खबरें | कांग्रेस मानसून सत्र में बेंगलुरु हिंसा का मुद्दा उठाएगी : सिद्धरमैया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बेंगलुरु में पिछले महीने हुई हिंसा की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस विधानमंडल के आगामी मानसून सत्र में यह मुद्दा उठाएगी।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

बेंगलुरु, दो सितंबर बेंगलुरु में पिछले महीने हुई हिंसा की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस विधानमंडल के आगामी मानसून सत्र में यह मुद्दा उठाएगी।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, डी जे हल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को गये जहां 11 अगस्त की रात को दंगाइयों ने आगजनी की थी। इस दंगे के दौरान कांग्रेस नेता कोविड-19 के उपचार से गुजर रहे थे।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश पुलिस बिकरू की आत्मा से छुटकारा पाने के लिए थाने में करा रही हवन, गैंगस्टर विकास दुबे ने की थी 8 पुलिसकर्मियों की हत्या.

सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘ मैं सरकार से अपील करता हूं कि यथाशीघ्र जांच हो और यह निष्पक्ष ढंग से होनी चाहिए एवं दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि कोई भी हो और वह कितना भी बड़ा आदमी क्यों न हो, यदि दोषी है तो उसे दंडित किया जाना चाहिए लेकिन निर्दोष लोगों को सजा नहीं मिलनी चाहिए।

यह भी पढ़े | Union Cabinet Approves Mission Karmayogi: मोदी सरकार ने मिशन कर्मयोगी योजना को दी मंजूरी, जम्मू-कश्मीर के लिए राज बिल भी पास.

उन्होंने कहा कि वह इस घटना की जांच के लिए न्यायिक आयोग के गठन की मांग कर चुके हैं ताकि सच्चाई सामने आये और ‘आज भी मैं उच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश के नेतृत्व में न्यायिक आयोग की मांग करता हूं।’’

एक प्रश्न के उत्तर में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हम विधानसभा में यह मुद्दा (बेंगलुरु हिंसा का मुद्दा) उठायेंगे।’’

विधानमंडल का मानसून सत्र 21 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा।

कांग्रेस विधायक आर अखंड श्रीनिवास मूर्ति के भतीजे पी नवीन द्वारा सोशल मीडिया पर कथित रूप से किये गये भड़काऊ पोस्ट को लेकर सैंकड़ों लोगों ने हिंसा की थी। डी जे हल्ली में दंगाइयों ने विधायक के निवास और थाने में आग लगा दी थी। उन्होंने विधायक और उनकी बहन का सामान लूटने के साथ ही पुलिस और निजी वाहनों को भी फूंक दिया था।

जब सिद्धरमैया से इस घटना में कांग्रेस पार्षदों की कथित संलिप्तता के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा कि जब तक यह साबित नहीं हो जाता या सबूत सामने नहीं आते तब तक किसी पर कैसे आरोप लगाया जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\