देश की खबरें | राहुल की यात्रा में सुरक्षा चूक का आरोप लगा रही कांग्रेस कर रही है ‘प्रचार’ पाने की कोशिश : भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान सुरक्षा उल्लंघन के कांग्रेस के आरोपों को बृहस्पतिवार को ''निराधार'' बताया और यह कहते हुए खारिज कर दिया कि ये ''सस्ती लोकप्रियता'' हासिल करने के लिए विपक्षी पार्टी की ओर से ''बचकाना'' प्रयास है।

नयी दिल्ली, 29 दिसंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दौरान सुरक्षा उल्लंघन के कांग्रेस के आरोपों को बृहस्पतिवार को ''निराधार'' बताया और यह कहते हुए खारिज कर दिया कि ये ''सस्ती लोकप्रियता'' हासिल करने के लिए विपक्षी पार्टी की ओर से ''बचकाना'' प्रयास है।

भाजपा ने एक बयान में कहा कि देश की एजेंसियां राहुल गांधी की सुरक्षा का ध्यान रखती हैं लेकिन वह खुद ''लगातार सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन'' कर रहे हैं।

यह बयान कांग्रेस द्वारा गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर दिल्ली में यात्रा के दौरान सुरक्षा उल्लंघनों का आरोप लगाने के एक दिन बाद आया है। इस पत्र में कांग्रेस ने राहुल गांधी और मार्च में भाग लेने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की थी।

भाजपा की ओर से जारी बयान में प्रवक्ता गौरव भाटिया के हवाले से कहा गया, ‘‘राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा असफल रही है, इसलिए कांग्रेस सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह के बचकाने बयान दे रही है। यह सस्ती लोकप्रियता के लिए है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि सुरक्षा एजेंसी ने स्पष्ट कर दिया है कि राहुल गांधी की सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है। राहुल गांधी ने खुद 113 बार सुरक्षा संबंधी नियमों और प्रोटोकॉल को तोड़ा है।’’

पार्टी ने आगे कहा कि राहुल गांधी को ‘‘जेड प्लस श्रेणी’’ की सुरक्षा प्रदान करने वाले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘‘उनकी सुरक्षा में कोई चूक नहीं हुई है’’।

भाटिया ने कहा, ‘‘लेकिन इसके बावजूद सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए कांग्रेस बेबुनियाद आरोप लगा रही है। 2015 से मई 2019 तक राहुल गांधी ने 1,892 मौकों पर दिल्ली में बिना बुलेट प्रूफ वाहन के गाड़ी चलाई। इस दौरान राहुल गांधी ने 247 मौकों पर बिना बुलेट प्रूफ वाहन के दिल्ली से बाहर यात्रा की है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि 2005 से 2014 तक राहुल गांधी ने 18 मौकों पर देश के विभिन्न हिस्सों में बिना बुलेट प्रूफ वाहनों के यात्रा की है और 1991 के बाद से अपनी 156 विदेश यात्राओं में, 143 यात्राओं पर वह सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों को भी अपने साथ नहीं ले गए।

इन सब विवादों के बीच केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भले ही अपने प्रचार के लिए कोई भी सहारा ले लें, उनके कार्य ही उनका खेल खराब कर देते हैं।

उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘पीआर कंपनी निंजस राहुल गांधी को एक गंभीर राजनेता के रूप में पेश करने के लिए कितना भी परिश्रम क्यों न करें, किशोर सी उनकी गतिविधियां, हकदारी की भावना और शून्य जवाबदेही हमेशा खेल खराब कर देती है। टी-शर्ट, तपस्वी, टेम्पल रन सब ठीक है, लेकिन हमारे सशस्त्र बलों के पेशेवर रवैये पर सवाल उठाना ठीक नहीं है।’’

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर दावा किया था कि 24 दिसंबर को ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दिल्ली पहुंचने पर पुलिस राहुल गांधी के इर्द-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही जबकि उन्हें ‘‘जेड प्लस’’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

कांग्रेस ने दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़ा एक वीडियो भी जारी किया था जिसमें राहुल गांधी के ईर्द-गिर्द भारी भीड़ देखी जा सकती है।

वेणुगोपाल ने गृह मंत्री में लिखे पत्र में यह आग्रह भी किया था कि अब आगे पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे ‘‘संवेदनशील राज्यों’’ में राहुल गांधी और यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में 24 दिसंबर को स्थिति यह हो गई थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ‘‘भारत यात्रियों'' को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की अतीत में हुई हत्या का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार को प्रतिशोध की राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए तथा कांग्रेस नेताओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now