देश की खबरें | कांग्रेस ने महंगाई को लेकर भाजपा पर साधा निशाना, मतदाताओं से ‘ट्रबल इंजन’ सरकार को हराने की अपील

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कर्नाटक के साथ ही देश के बाकी हिस्सों में महंगाई से घरों का बजट बिगाड़ने देने का आरोप लगाया और राज्य के लोगों से उसकी ‘‘ट्रबल इंजन सरकार’’ को हराने का अनुरोध किया।

नयी दिल्ली, सात मई कांग्रेस ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कर्नाटक के साथ ही देश के बाकी हिस्सों में महंगाई से घरों का बजट बिगाड़ने देने का आरोप लगाया और राज्य के लोगों से उसकी ‘‘ट्रबल इंजन सरकार’’ को हराने का अनुरोध किया।

विपक्षी दल ने प्रमुख दैनिक अखबारों में पूरे पृष्ठ का विज्ञापन दिया है जिसमें रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, चावल, दूध और भोजन पकाने के तेल जैसे आवश्यक सामान की कीमतों में वृद्धि को गिनाया गया है।

विज्ञापन में लिखा है, ‘‘उन्होंने राज्य को लूटा। उन्होंने आपकी बचत पर डाका डाला। डबल इंजन ने परिवार का बजट बिगाड़ा। डबल इंजन दोगुना द्रोह (विश्वासघात) है। समझदारी से चुनिए।’’

गौरतलब है कि भाजपा ने केंद्र तथा राज्य दोनों में पार्टी की सरकार होने के संदर्भ में कर्नाटक के तेजी से विकास के लिए ‘‘डबल इंजन’’ सरकार की आवश्यकता पर जोर दिया है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्विटर पर अपनी पार्टी के विज्ञापन को साझा किया और लिखा, ‘‘ट्रबल इंजन’’ सरकार द्वारा बढ़ाई गई महंगाई को पराजित करें। 40 प्रतिशत कमीशन सरकार की लूट रोकें। कांग्रेस को चुनें, प्रगति को चुनें।’’

विज्ञापन को साझा करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘गैस : 168 प्रतिशत, चावल : 133 प्रतिशत, उड़द दाल : 168 प्रतिशत, खाद्य तेल : 250 प्रतिशत महंगा। ‘ट्रबल’ इंजन ने सबकी जेब काटी, 40 प्रतिशत कमीशन से पूरे कर्नाटक को लूटा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की महंगाई और चोरी वाली सरकार जाएगी। पांच गारंटी वाली कांग्रेस सरकार ही आएगी।’’

पार्टी के विज्ञापन को साझा करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘उन्होंने आपकी चुनी हुई सरकार आपसे छीन ली। उन्होंने राज्य को लूटा। फिर उन्होंने आपकी बचत पर डाका डाला।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘‘झूठ लूट डबल इंजन भाजपा’’ ने कर्नाटक तथा देश के बाकी हिस्सों में महंगाई से घरों का बजट बिगाड़ दिया और यह सुनिश्चित किया कि सबसे मूलभूत सामान भी आम आदमी की पहुंच से दूर हो जाए।

रमेश ने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन प्रधानमंत्री इन मुद्दों के बारे में कभी बात नहीं करते हैं, वे भारतीयों के सामने आ रही असली समस्याओं पर कभी बात नहीं करेंगे। वह केवल ध्यान भटकाएंगे और लोगों को बांटेंगे।’’

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘हर घर में लिए जाने वाले ये नाम याद हैं? विजया बैंक, कॉरपोरेशन बैंक, सिंडीकेट बैंक, केनरा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ मैसूर। ये सभी कभी कन्नड़ लोगों की उद्यमिता का प्रमाण थे।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि इन बैंकों की कार्य संस्कृति और स्थानीय ज्ञान ने कर्नाटक के लोगों की वित्तीय आवश्यकताओं से बेहतर संपर्क बनाने में मदद की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘दुखद रूप से, मोदी सरकार की बदौलत वे अब स्वतंत्र संस्थाओं के रूप में मौजूद नहीं हैं। अगर भाजपा को 10 मई को नहीं रोका गया तो यही नंदिनी (कर्नाटक की दूध सहकारिता कंपनी) के साथ होगा। कांग्रेस पार्टी कन्नड़ लोगों तथा कर्नाटक के हितों की सुरक्षा की गारंटी देती है।’’

रमेश ने कहा कि सरकार के पास अभी बेंगलुरु स्थित बीईएमएल की 54 फीसदी हिस्सेदारी है तथा उन्होंने दावा किया कि अब मोदी सरकार इसमें 26 प्रतिशत की और हिस्सेदारी बेचने की योजना बना रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसका मतलब है कि बीईएमएल पूरी तरह निजी कंपनी बनने जा रही है।’’

कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान 10 मई को होगा और मतगणना 13 मई को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\