देश की खबरें | कांग्रेस को क्षेत्रीय सहयोगियों के प्रति अधिक उदारता दिखानी चाहिए : आप नेता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को दावा किया कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे हिंदी पट्टी में जबरदस्त कांग्रेस विरोधी भावना को दर्शाते हैं।
नयी दिल्ली, चार दिसंबर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को दावा किया कि राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के नतीजे हिंदी पट्टी में जबरदस्त कांग्रेस विरोधी भावना को दर्शाते हैं।
बुधवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ के महत्वपूर्ण दलों की एक अहम बैठक से पहले 'आप' ने कहा कि कांग्रेस को राज्यों में क्षेत्रीय दलों के प्रति अधिक उदारता दिखानी चाहिए।
पार्टी ने कहा, ''तीन राज्यों के नतीजे उत्तर भारत में जबरदस्त कांग्रेस विरोधी भावना को दर्शाते हैं।''
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं प्रकाशित करने की शर्त पर कहा, ''विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का मकसद लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना है, इसलिए कांग्रेस को उन राज्यों में क्षेत्रीय दलों को अधिक जगह देनी चाहिए, जहां वे भाजपा से बेहतर तरीके से लड़ने की स्थिति में हैं।''
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस अक्सर हमारे ऊपर एक ऐसी पार्टी होने का आरोप लगाती है, जो उसके वोट काटने का काम करती है।''
पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा, ''हमने मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में अपनी दृश्यता कम रखी, ताकि काग्रेस की जीतने की संभावना प्रबल रहे, लेकिन कांग्रेस अपने दावे पर खरा उतरने में विफल रही।''
विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की छह दिसंबर को एक बैठक होनी है, जिसमें लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
इससे पहले 'आप' सांसद सुशील गुप्ता ने पीटीआई की वीडियो सेवा से कहा था कि बैठक में भावी रणनीति तय की जाएगी, जबकि सीट बंटवारे को लेकर बातचीत बाद में होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)