देश की खबरें | कांग्रेस ने नकदी मामले में फंसे अपने तीन विधायकों का निलंबन रद्द किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने शुक्रवार को झारखंड के अपने तीन विधायकों का निलंबन रद्द कर दिया जिन्हें पिछले साल पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकद राशि के साथ पकड़ा गया था। पार्टी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

रांची, 28 जुलाई कांग्रेस ने शुक्रवार को झारखंड के अपने तीन विधायकों का निलंबन रद्द कर दिया जिन्हें पिछले साल पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकद राशि के साथ पकड़ा गया था। पार्टी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलेबिरा विधायक नमन बिक्सल पिछले साल जुलाई में पार्टी से निलंबित कर दिये गये थे।

विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा, ‘‘पार्टी के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे के निर्देश पर तीन विधायकों का निलंबन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। पार्टी ने इस संबंध में एक पत्र जारी किया है।’’

नकद राशि की बरामदगी के मामले में गिरफ्तारी के बाद पार्टी ने 31 जुलाई, 2022 को तीन विधायकों के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया था।

पिछले साल 30 जुलाई को पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के पंचला में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर पुलिस ने उनके वाहन को रोका था और कार में लगभग 49 लाख रुपये नकद पाए गए थे। इसके बाद कांग्रेस ने भाजपा पर झारखंड में उसकी गठबंधन सरकार को गिराने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।

कांग्रेस विधायक कुमार जयमंगल सिंह उर्फ ​​​​अनूप ​​सिंह ने रांची के अरगोड़ा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराके आरोप लगाया था कि तीन विधायकों ने उन्हें झारखंड में झामुमो (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के नेतृत्व वाली सरकार को गिराने के लिए 10 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश की थी।

कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष से तीनों विधायकों को अयोग्य ठहराने के लिए कहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\