मेंगलुरु, पांच अगस्त कांग्रेस की कर्नाटक इकाई की महासचिव कृपा अमर अल्वा ने विट्टल में एक नाबालिग दलित लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के खिलाफ आवाज नहीं उठाने को लेकर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) पर सवाल उठाया। आरोप है कि इस घटना में दक्षिणपंथी संगठनों के कुछ युवक शामिल थे।
अल्वा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उडुपी में शौचालय में वीडियो बनाने को लेकर गृह मंत्री के आवास के सामने प्रदर्शन कर चुकी अभाविप दक्षिण काकीनाडा जिले के विट्टल में हाल में हुए वीभत्स अपराध को लेकर चुप है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग या राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से किसी ने भी अब तक विट्टल आने की जहमत नहीं उठाई है।
अल्वा ने कहा कि कांग्रेस इस दलित लड़की का मामला उठाएगी तथा उसे अपनी शिक्षा जारी रखने में मदद पहुंचाने के लिए उचित परामर्श दिलाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित लड़की को आने वाले दिनों में समाज कल्याण विद्यालय में दाखिला दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चूंकि पीड़िता की वित्तीय स्थिति बहुत खराब है, ऐसे में इस गरीब परिवार के वास्ते मकान बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे तथा इस मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है।
उडुपी में कॉलेज के शौचालय वीडियो प्रकरण के संबंध में उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस घटना को नया मोड़ दे दिया जबकि पीड़िता ने शिकायत ही दर्ज नहीं कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और अभाविप घटनाओं को राजनीतिक रंग दे रही हैं।
कांग्रेस नेता इब्राहिम कोडिजालल, सुबोध अल्वा और उबैद भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY