देश की खबरें | लुधियाना नगर निगम भवन पर ताला लगाने के मामले में कांग्रेस सांसद बिट्टू गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कुछ दिन पहले कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान यहां लुधियाना नगर निगम भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु और पार्टी के दो अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
लुधियाना, पांच मार्च कुछ दिन पहले कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान यहां लुधियाना नगर निगम भवन के मुख्य द्वार पर ताला लगाए जाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु और पार्टी के दो अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कहा कि उसने बिट्टू, आशु, कांग्रेस की लुधियाना इकाई के अध्यक्ष संजय तलवार और शहर के पूर्व वरिष्ठ उप-महापौर शाम सुंदर मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उन्हें मंगलवार को यहां लघु सचिवालय में गिरफ्तार किया, जहां नेताओं ने गिरफ्तारी दी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
थोड़ी देर की नोकझोंक के बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद, उन्हें एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बिट्टू, कांग्रेस के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निकाय में कथित व्यापक भ्रष्टाचार और कुछ अन्य मुद्दों के विरोध में 27 फरवरी को लुधियाना नगर निगम के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया था।
पुलिस ने नगर निगम की शिकायत पर कांग्रेस के इन चार नेताओं के साथ 60 अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)