देश की खबरें | ओडिशा में कांग्रेस विधायक ने राजग उम्मीदवार मुर्मू के पक्ष में मतदान किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने सोमवार को यह घोषणा कर राजनीतिक क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी कि उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है।
भुवनेश्वर, 18 जुलाई ओडिशा में कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने सोमवार को यह घोषणा कर राजनीतिक क्षेत्र में हलचल पैदा कर दी कि उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया है।
मोहम्मद मोकीम ने कहा कि उन्होंने मुर्मू के पक्ष में इसलिए मतदान किया है क्योंकि वह ‘‘ओडिशा की बेटी” हैं।
ओडिशा विधानसभा में मतदान करने के तुरंत बाद कटक-बाराबती विधानसभा क्षेत्र से विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने के बाद मतदान किया है।
मोकीम ने कहा, “मैं ओडिशावासी और उड़िया भाषी हूं, मैंने द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान किया क्योंकि वह ओडिशा की बेटी हैं। मैंने अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने के बाद यह फैसला किया। विधायकों को उनकी अंतरात्मा की आवाज सुनने से नहीं रोका जा सकता है।“
कांग्रेस विधायक ने यह भी कहा कि उन्हें कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के फोन आए, जिनमें विदेश में रहने वाले लोग भी शामिल थे और सभी लोगों ने उनसे ‘‘भूमि पुत्री’’ द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने का अनुरोध किया।
कांग्रेस विधायक ने कहा, “मुझे विश्वास है कि ओडिशा के लोग मेरे फैसले का समर्थन करेंगे। मुर्मू की जीत मुझे गौरवान्वित करेगी।’’
मोकीम ने कहा कि मुर्मू के पक्ष में मतदान करना उनका व्यक्तिगत फैसला था और उन पर किसी का भी दबाव नहीं था।
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष शरत पटनायक ने कहा कि वह मोकीम के इस कदम के बारे में पार्टी आलाकमान को अवगत कराएंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)