देश की खबरें | कांग्रेस नीत संप्रग सरकार 'भ्रष्टाचार की दुकान' थी : राजीव चंद्रशेखर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 साल 'खोए हुए दशक' रहे और इस दौरान उसके 'भ्रष्टाचार की दुकान' देखी गई।

नयी दिल्ली, नौ जून केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के 10 साल 'खोए हुए दशक' रहे और इस दौरान उसके 'भ्रष्टाचार की दुकान' देखी गई।

'मोहब्बत की दुकान' के कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नारे पर तंज कसते हुए भाजपा नेता ने उन्हें 'शानदार विदेशी पर्यटक' करार दिया।

इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि भारत अपने इतिहास में 'सबसे महत्वपूर्ण' दौर का सामना कर रहा है क्योंकि प्रधानमंत्री के निर्णायक और प्रभावी नीतिगत फैसलों के कारण यह नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है।

केंद्रीय उद्यमिता, कौशल विकास, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री ने कहा, "अगर हम 2004 से 2014 तक की अवधि को प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हुई प्रगति के नजरिए से देखें तो इसके लिए सबसे उपयुक्त विवरण 'भ्रष्टाचार की दुकान' होगा।"

उन्होंने कहा, "यह वह दौर था जब 2-जी घोटाला हुआ, एंट्रिक्स-देवास घोटाला हुआ... निवेशक भारत छोड़ रहे थे और बीएसएनएल पूरी तरह से बर्बाद हो गया था।"

उन्होंने कहा, "संप्रग का 2004-2014 का दशक बर्बाद हो गया और प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के साथ शुरू होने वाला दशक भारत के तकनीकी विशेषज्ञों का दशक है।"

कांग्रेस के नेतृत्व वाला संप्रग 2004 से 2014 के बीच सत्ता में था।

चंद्रशेखर ने कहा कि उसके बाद के नौ साल में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने लंबा सफर तय किया है।

उन्होंने कहा कि भारत साइबर क्षेत्र में दुनिया का 'सबसे बड़ा कनेक्टेड' देश बन गया है, जबकि 2014 में परिस्थिति इसके ठीक विपरीत थी।

उन्होंने कहा, "भारत आज दुनिया का सबसे तेज 5-जी अभियान देख रहा है। हमारे पास उच्च स्तर के स्वदेशी 5-जी कलपुर्जे हैं।"

उन्होंने कहा कि देश में डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिला है और साइबर जगत में सुरक्षा सुनिश्चित करना मोदी सरकार का 'विजन और मिशन' है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now