देश की खबरें | कांग्रेस नेता सुरजेवाला ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा पर परोक्ष रूप से निशाना साधा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने रविवार को कहा कि पार्टी में ऐसे लोग हैं जो केवल पद की चाहत रखते हैं।
कैथल (हरियाणा), 13 अगस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला ने रविवार को कहा कि पार्टी में ऐसे लोग हैं जो केवल पद की चाहत रखते हैं।
कांग्रेस महासचिव ने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी इस टिप्पणी को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर परोक्ष हमले के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले कांग्रेस की अन्य वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा और किरण चौधरी भी हुड्डा पर निशाना साध चुकी हैं।
वहीं, पार्टी के जन आक्रोश प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत राज्य के कैथल जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने संपत्ति पहचान पत्र जारी करने की हरियाणा सरकार की प्रमुख योजना की विसंगतियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जननायक जनता पार्टी (जजपा) की गठबंधन सरकार पर निशाना साधा।
इस कार्यक्रम में चौधरी भी मौजूद रहीं। हालांकि कुमारी सैलजा कांग्रेस-शासित किसी अन्य राज्य में आयोजित एक कार्यक्रम में गई हुई थीं, जिससे कि वह इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं।
सुरजेवाला ने किसानों और हाल की बाढ़ के कारण हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया।
इसके बाद, उन्होंने अपनी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस में ऐसे लोग भी हैं, जो केवल पद मांग रहे हैं... हम पद मांगने की लड़ाई नहीं लड़ रहे, हम आपके दुख और तकलीफ को हराने की लड़ाई लड़ रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘उनके और हमारे बीच यही अंतर है।’’
सुरजेवाला, सैलजा और चौधरी आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव से पहले हाल के हफ्तों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में कार्यक्रम कर रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)