देश की खबरें | कांग्रेस नेता संतोख चौधरी का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन, यात्रा रोकी गई

चंडीगढ़, 14 जनवरी कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख चौधरी का ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान दिल का दौरा पड़ने के कारण शनिवार को निधन हो गया, जिसके बाद यात्रा 24 घंटे के लिए रोक दी गई। चौधरी 76 वर्ष के थे।

कांग्रेस के पूर्व प्रमुख राहुल गांधी ने भी 15 जनवरी को जलंधर में होने वाले अपने संवाददाता सम्मेलन को स्थगित कर दिया है और अब यह 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा।

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बताया कि दो बार सांसद रहे चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व वाली पदयात्रा में फिल्लौर में भाग लेते समय बेहोश हो गए थे।

यात्रा में मौजूद रहे बाजवा ने बताया कि चौधरी को एम्बुलेंस के जरिए फगवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में उनका पार्थिव शरीर उनके आवास ले जाया गया।

चौधरी फिल्लौर में यात्रा में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें कुछ देर बाद बेचैनी महसूस हुई और वह बेहोश हो गए।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चौधरी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘श्री संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। वह जमीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मजबूत स्तंभ थे जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा के लिए समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।’’

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘जलंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का आज सुबह निधन हो गया। उनके सम्मान में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 24 घंटे के लिए स्थगित रहेगी। जलंधर के खालसा कॉलेज ग्राउंड से यात्रा कल दोपहर फिर शुरू होगी।’’

रमेश ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘जलंधर में कल होने वाला राहुल गांधी का संवाददाता सम्मेलन कांग्रेस नेता एवं जलंधर से सांसद संतोख सिंह चौधरी के अचानक और दुखद निधन के कारण अब 17 जनवरी को होशियारपुर में होगा।’’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि चौधरी का निधन संगठन के लिए एक बड़ा झटका है।

खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनका जाना पार्टी और संगठन के लिए एक बड़ा झटका है। मेरी संवेदनाएं दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।’’

जयराम रमेश ने पहले ट्वीट किया था, ‘‘जलंधर से 76 वर्षीय कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक दिल का दौरा पड़ने से आज सुबह निधन हो गया। हम उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। यात्रा के कार्यक्रम में कुछ बदलाव होंगे जो जल्द ही साझा किए जाएंगे।’’

इससे पहले, ‘भारत जोड़ो यात्रा’ अपने पंजाब चरण के तहत शनिवार सुबह लुधियाना के लाढ़ोवाल से आगे बढ़ी थी।

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि राहुल गांधी को सांसद के निधन की जानकारी मिलते ही यात्रा रोक दी गई।

वडिंग ने कहा, ‘‘आपको सांसद संतोख चौधरी जी के निधन की जानकारी देते हुए अत्यंत दुख हो रहा है। मैं उनके परिजनों, सहकर्मियों, मित्रों एवं समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सदमे में हूं, लेकिन चौधरी साहब का संकल्प मेरे लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि चौधरी अपने इलाके से गुजर रही यात्रा को लेकर बहुत उत्साहित थे। उन्होंने कहा, ‘‘चौधरी का परिवार कांग्रेस से लंबे समय से जुड़ा रहा है।’’

वडिंग ने बताया कि चौधरी का अंतिम संस्कार रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे करने का फैसला किया गया है।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई नेताओं ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मान ने ट्वीट किया, ‘‘जलंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन पर मुझे गहरा दुख हुआ है।’’

बाजवा ने कहा, ‘‘जलंधर से सांसद एवं मेरे प्रिय मित्र चौधरी जी के निधन से बहुत दुखी हूं। हमने एक हीरा खो दिया। उनके जाने से पैदा हुए खालीपन को भरना मुश्किल होगा। मैं उनके पुत्र एवं विधायक विक्रम चौधरी, उनके मित्रों एवं परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’

कांग्रेस के पूर्व नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया।

सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘दिल का दौरा पड़ने से सांसद संतोख सिंह चौधरी के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। वाहेगुरु जी दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।’’

आम आदमी पार्टी (आप) नेता एवं सांसद राघव चड्ढा ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया।

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह ने चौधरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए ट्वीट किया, ‘‘उनके बेटे एवं विधायक विक्रमजीत, परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। गुरुसाहब उनकी आत्मा को शांति दें।’’

यात्रा का पंजाब चरण बुधवार को फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद से शुरू हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)