देश की खबरें | कांग्रेस नेता ने हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए स्थायी परिसर की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राजेश शर्मा ने शनिवार को सवाल उठाया कि राज्य सरकार द्वारा जमीन आवंटित किये जाने के बाद भी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय अस्थायी परिसर से क्यों संचालित हो रहा है।
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश), तीन अप्रैल कांग्रेस नेता राजेश शर्मा ने शनिवार को सवाल उठाया कि राज्य सरकार द्वारा जमीन आवंटित किये जाने के बाद भी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय अस्थायी परिसर से क्यों संचालित हो रहा है।
शर्मा ने कहा कि भाजपा शासित हिमाचल प्रदेश सरकार को इस मामले पर अपना रूख स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘ यदि भाजपा इस विषय पर तस्वीर साफ करने में विफल रहती है तो लोग सात अप्रैल को धर्मशाला नगर निगम के चुनाव में उसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि तीन साल से सत्ता में होने के बाद भी वह इस विश्वविद्यालय के लिए स्थायी परिसर क्यों सुनिश्चित नहीं कर सकी।
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इस विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर नहीं होने को लेकर सात सप्ताह से प्रदर्शन कर रही है।
शर्मा ने कहा, ‘‘ यह विश्वविद्यालय अब भी धर्मशाला में अन्य विभागों के भवनों से क्यों चल रहा है? भाजपा को जवाब देना चाहिए कि उसका अपना ही संगठन अभाविप क्यों उसके विरूद्ध प्रदर्शन कर रहा है? पिछले एक साल से हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति क्यों नहीं की गयी है?’’
यह विश्वविद्यालय 12 सालों से स्थायी परिसर की बाट जोह रहा है। इस विश्वविद्यालय की स्थापना 2009 में की गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)