देश की खबरें | मथुरा में कांग्रेस नेता और उनकी पत्नी की गोली लगने से मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मथुरा के गोविंदनगर थाना इलाके में रविवार शाम कांग्रेस की महानगर कमेटी के महासचिव एवं उनकी पत्नी के शव घर में खून से लथपथ पडे़ मिले। प्रथमदृष्टया मिले साक्ष्यों से लगता है कि कांग्रेस नेता ने पहले पत्नी को गोली मार दी बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मथुरा (उप्र), पांच जून मथुरा के गोविंदनगर थाना इलाके में रविवार शाम कांग्रेस की महानगर कमेटी के महासचिव एवं उनकी पत्नी के शव घर में खून से लथपथ पडे़ मिले। प्रथमदृष्टया मिले साक्ष्यों से लगता है कि कांग्रेस नेता ने पहले पत्नी को गोली मार दी बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि थाना गोविंद नगर के अंतर्गत श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सामने स्थित जगन्नाथपुरी में महानगर कांग्रेस के महासचिव निमाई पण्डित और उनकी पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस को उनके शव घर में ही बेडरूम में पड़े मिले।
सिंह ने बताया, ‘‘जिस समय यह घटना घटी निमाई पण्डित के तीनों बच्चे (दो बेटे एवं एक बेटी) बगल के कमरे में सो रहे थे। गोली की आवाज सुन वे कमरे में पहुंचे तो मां बेड पर तथा पिता कमरे में फर्श पर पड़े मिले। मां के शरीर पर दो-तीन गोलियां लगी थीं तथा पिता की कनपटी से खून बह रहा था। बच्चों की उम्र 12 से 16 वर्ष है।
सिंह ने बताया, ‘‘फॉरेन्सिक विशेषज्ञों की फौरी रिपोर्ट एवं प्रथम दृष्टया मिले साक्ष्यों से लगता है कि निमाई पण्डित ने पहले पत्नी को दो-तीन गोली मारकर आश्वस्त किया कि उनकी मौत हो चुकी है तथा फिर खुद को अपने ही लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार ली। इससे यह आत्महत्या का मामला लगता है। पिस्टल व चलाई गई गोलियों के खोखे मौके पर ही पड़े मिले हैं।’’
सिंह ने कहा कि निमाई पण्डित का चांदी के आभूषण का व्यापार था, लेकिन पिछले तीन-चार सालों से वह काम बंद था। पड़ोसियों ने भी कहा है कि पण्डित पिछले एक-डेढ़ माह से आर्थिक तंगहाली के कारण परेशान थे, लेकिन पुलिस हर पहलू को लेकर जांच कर रही है।
मौके पर पहुंचे कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर एवं कांग्रेस के अन्य नेताओं ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निमाई पण्डित एवं उनकी पत्नी की मौत के मामले में सभी पहलुओं की जांच की मांग की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)