देश की खबरें | सूडान में हक्की पिक्की समुदाय के लोगों की जान खतरे में डाली कांग्रेस ने: मोदी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक में विधानसभा के लिये जारी मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये बुधवार को यहां आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने चुनाव में लाभ उठाने के लिये संघर्ष प्रभावित सूडान में प्रदेश की हक्की पिक्की आदिवासी समुदाय के लोगों का जीवन को खतरे में डाल दिया।

जयपुर, 10 मई कर्नाटक में विधानसभा के लिये जारी मतदान के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये बुधवार को यहां आरोप लगाया कि विपक्षी दल ने चुनाव में लाभ उठाने के लिये संघर्ष प्रभावित सूडान में प्रदेश की हक्की पिक्की आदिवासी समुदाय के लोगों का जीवन को खतरे में डाल दिया।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस, मोदी एवं भाजपा का नुकसान करने के लिए देश का नुकसान करने से भी बाज नहीं आती।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक जिस प्रकार की राजनीति की है, उसमें दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज का सबसे अधिक अहित हुआ है।

प्रधानमंत्री आबूरोड (राजस्‍थान) में भारतीय जनता पार्टी एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

सूडान में हालिया संकट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कर्नाटक में रहने वाले, राजस्थान से गए हक्की-पिक्की (आदिवासी) समुदाय के लोग छोटा मोटा व्यवसाय करने सूडान चले गए थे। ऐसे ही हक्‍की प‍िक्‍की समुदाय के सैकड़ों साथी कुछ सप्‍ताह पहले सूडान में चल रही लड़ाई में फंस गए थे।’’

मोदी ने कहा, 'भाजपा की हमारी सरकार इन भाइया बहनों को सूडान से निकालने के लिए कोशिश कर रही थी। कांग्रेस ने चुनावी राजनीति को देखते हुए चिल्‍लाना शुरू कर दिया, हल्‍ला करना शुरू कर दिया। व‍हां लड़ाई चल रही थी, तो यहां कांग्रेस इन लोगों के लिए शोर मचा रही थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उसका परिणाम यह हुआ क‍ि वहां के लोगों को इसका पता चल गया। उन्‍हें चुपचाप बाहर लाना था, लेकिन कांग्रेस ने गलती करके सूडान में फंसे उन लोगों का चेहरा जगजाहिर कर दिया।'

मोदी ने आरोप लगाया, ' कांग्रेस ने उन आदिवासी साथियों की जान खतरे में डाल दी, क्योंकि कांग्रेस चाहती थी कि सूडान में इतनी गोलियां चल रही है, तो एक आध को तो लग ही जाएगी, और एक आध, विशेषरूप से हक्‍की पिक्‍की आदिवासी भाई को लग गई तो फिर तो उनको कर्नाटक के चुनाव में खेल-खेलने का मजा आ जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई अनहोनी हो जाए... उसी का इंतजार था, ताकि फिर ये मोदी का गला पकड़ सकें।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘लेकिन इस पूरी राजनीति में कांग्रेस एक बात भूल गई। मुझे लगता है क‍ि अभी वह मोदी को पहचान नहीं पाई है। कांग्रेस वालों को पता होना चाहिए था कि मोदी है...संकट में फंसे ए‍क-एक हिंदुस्तानी की रक्षा के लिए किसी भी हद को पार सकता है।'

उन्होंने कहा, 'मोदी का नुकसान करने के लिए, भाजपा का नुकसान करने के लिए ... कांग्रेस देश का नुकसान करने से भी बाज नहीं आती।'

मोदी ने कहा, 'जब देश में कोरोना महामारी आई तब भी कांग्रेस ने अफवाह फैलाने की कोशिश की, टीके के मुद्दे पर लोगों को भड़काया, कांग्रेस चाहती थी कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो और वह मौके की तलाश में क‍ि मोदी की गर्दन कैसे पकडें। लेकिन मोदी इन लोगों की धमक‍ियों और साजिशों के आगे न झुका है, न झुकता। अगरा मोदी झुकता है तो इन 140 करोड़ देशवासियों के सामने झुकता है। आप ही मेरे मालिक हैं।'

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक जिस प्रकार की राजनीति की है, उसमें दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज का सबसे अधिक अहित हुआ है।

उन्‍होंने कहा,'आदिवासी समाज ने तो वर्षों तक कांग्रेस पर भरोसा किया लेकिन क्या मिला। सिर्फ अभाव, असुविधा और अवसरहीनता।'

सभा में बड़ी संख्‍या में लोग मौजूद थे। इस अवसर पर पूर्व मुख्‍यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ तथा भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष सी पी जोशी भी मौजूद थे।

पृथ्‍वी कुंज

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\