देश की खबरें | यूसीसी मुद्दे पर कांग्रेस का नहीं है ‘स्पष्ट रुख’ : केरल में सत्तारूढ़ माकपा का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर ‘‘स्पष्ट रुख’’ नहीं अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि सबसे पुरानी पार्टी विभिन्न राज्यों में अलग-अलग रुख अपना रही है।
कोझिकोड (केरल), 12 जुलाई केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर ‘‘स्पष्ट रुख’’ नहीं अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि सबसे पुरानी पार्टी विभिन्न राज्यों में अलग-अलग रुख अपना रही है।
माकपा के प्रदेश सचिव एम वी गोविंदन ने कहा कि 15 जुलाई को कोझिकोड में यूसीसी पर मार्क्सवादी पार्टी द्वारा आयोजित संगोष्ठी में कांग्रेस को आमंत्रित नहीं किया गया है, क्योंकि इस मामले पर उसका कोई एकजुट रुख नहीं है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस ने देश में यूसीसी लागू करने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रयास के खिलाफ अब तक कोई ‘‘प्रभावी कदम’’ उठाया है और क्या पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व इसके लिए तैयार है।
गोविंदन ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अपनी संगोष्ठी में कांग्रेस को आमंत्रित नहीं किया है क्योंकि पार्टी का इस मामले पर कोई स्पष्ट रुख नहीं है...वे विभिन्न राज्यों में इस मामले पर अलग-अलग रुख अपना रहे हैं।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वास्तव में यूसीसी के माध्यम से हिंदुत्व के एजेंडे को लागू करने की कोशिश कर रही है। गोविंदन ने कहा कि आगामी संगोष्ठी फासीवाद को रोकने के लिए माकपा के अभियानों का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि यूसीसी के क्रियान्वयन पर एक विधेयक पेश करने का नरेन्द्र मोदी नीत सरकार का कथित कदम हिंदुत्व के एजेंडे को लागू करने के लिए ‘‘सोचा-समझा हस्तक्षेप’’ है।
संगोष्ठी में भाग लेने के लिए मार्क्सवादी पार्टी के निमंत्रण को इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) द्वारा अस्वीकार करने पर गोविंदन ने कहा कि उसके लिए इसे स्वीकार करना संभव नहीं था क्योंकि वह कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी 15 जुलाई को यहां संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे, जिसमें सभी समान, धर्मनिरपेक्ष विचारधारा वाले दल भाग ले सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)