देश की खबरें | भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता पी राजू का निधन

कोच्चि, 27 फरवरी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व विधायक पी. राजू का बृहस्पतिवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि वह कुछ समय से अस्वस्थ थे और यकृत की बीमारी का इलाज करा रहे थे। उनका सुबह छह बजकर 40 मिनट पर निधन हो गया।

उन्होंने बताया कि राजू का पार्थिव शरीर अस्पताल में रखा गया है जिसे शुक्रवार को सुबह आठ बजे उत्तरी परवूर ले जाया जाएगा। सुबह नौ बजे से 11 बजे तक पार्थिव शरीर को जनता के अंतिम दर्शन के लिए परवूर म्यूनिसिपल टाउन हॉल में रखा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार इसके बाद राजू की पार्थिव देह को केदामंगलम में उनके आवास पर ले जाया जाएगा और शुक्रवार शाम चार बजे वहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

पार्टी की राज्य परिषद के सदस्य राजू कई वर्षों तक एर्नाकुलम के जिला सचिव रहे। पूर्व विधायक एन. सिवन पिल्लई और सी चेल्लम्मा के घर 18 जुलाई, 1951 को जन्मे राजू ने पार्टी में कई पदों पर काम किया।

वह 1991 से 2001 के बीच उत्तरी परवूर विधानसभा सीट से विधायक थे। राजू के परिवार में उनकी पत्नी बी. लतिका कुमारी और बेटी सिंधू हैं।

मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को राजू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता कर्मचारी संघ के एक समर्पित संयोजक और सम्मानित जनप्रतिनिधि थे।

अपने शोक संदेश में विजयन ने कहा कि राजू ने वामपंथी एकता को मजबूत करने और सार्वजनिक मुद्दों पर प्रभावशाली आंदोलनों का नेतृत्व करने में बहुमूल्य योगदान दिया।

परवूर से दो बार विधायक चुने गए राजू ने प्रमुख विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे निर्वाचन क्षेत्र की प्रगति सुनिश्चित हुई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)