देश की खबरें | आत्महत्या के प्रयास को विफल करने के लिए सीआईएसएफ ने जवान, अधिकारी को पुरस्कृत किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हाल ही में फरीदाबाद में दिल्ली मेट्रो के एक स्टेशन पर आत्महत्या का प्रयास कर रही 23 वर्षीय महिला की जान बचाने वाले सीआईएसएफ के एक जवान को बल के महानिदेशक (डीजी)की ओर से सोमवार को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

नयी दिल्ली, 26 जुलाई हाल ही में फरीदाबाद में दिल्ली मेट्रो के एक स्टेशन पर आत्महत्या का प्रयास कर रही 23 वर्षीय महिला की जान बचाने वाले सीआईएसएफ के एक जवान को बल के महानिदेशक (डीजी)की ओर से सोमवार को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

कांस्टेबल नंदलाल राम 24 जुलाई की शाम को फरीदाबाद के सेक्टर 28 स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज की निगरानी कर रहे थे, जब उन्हें सीसीटीवी का एक फुटेज दिखा, जिसमें एक महिला खतरनाक रूप से 40 फुट ऊंचे प्लेटफॉर्म की रेलिंग की दीवार पर चढ़ी हुई दिखी।

अर्धसैनिक बल के एक प्रवक्ता ने कहा, "ऐसा लग रहा था कि महिला आत्महत्या के प्रयास में सड़क पर कूदने की कोशिश कर रही थी।"

प्रवक्ता ने कहा, "सीआईएसएफ कर्मियों और वहां मौजूद कुछ अन्य नागरिकों ने उसे आत्मघाती कृत्य से रोकने की कोशिश की और उसका ध्यान भटकाने की कोशिश की।"

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे कांस्टेबल राम तेजी से महिला के पास गए और इससे पहले कि वह कोई बड़ा कदम उठा पाती, उन्होंने उसे पकड़ लिया।

दिल्ली की रहने वाली महिला को एक यात्री की मदद से वापस प्लेटफॉर्म की ओर खींचा गया। प्रवक्ता ने कहा, “कांस्टेबल राम के त्वरित सूझबूझ और बहादुरी व साहसी कार्य के कारण, एक आत्महत्या का प्रयास टल गया।”

सीआईएसएफ के डीजी एस के सक्सेना ने सोमवार को राम और उनके वरिष्ठ और उस दिन के शिफ्ट प्रभारी सहायक उप निरीक्षक एस आर सिंह को सम्मानित किया। सिंह ने भी त्वरित सूझबूझ का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की।

प्रवक्ता ने बताया कि राम को दस हजार रुपये का नकद इनाम और महानिदेशक का प्रशस्ति पत्र दिया गया, जबकि सिंह को प्रशस्ति पत्र दिया गया।

गौरतलब है कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को सशस्त्र सुरक्षा प्रदान करता है।

कृष्ण

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\