विदेश की खबरें | चीनी अंतरिक्ष यात्री रिकॉर्ड छह महीनों के लिए अंतरिक्ष केंद्र पहुंचे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. बीजिंग, 16 अक्टूबर (एपी) चीन की एक महिला समेत तीन अंतरिक्ष यात्री छह महीने के रिकार्ड मिशन पर शेनझोउ-13 से शनिवार को अंतरिक्ष केंद्र के कोर मॉड्यूल तियान्हे पहुंच गए।

बीजिंग, 16 अक्टूबर (एपी) चीन की एक महिला समेत तीन अंतरिक्ष यात्री छह महीने के रिकार्ड मिशन पर शेनझोउ-13 से शनिवार को अंतरिक्ष केंद्र के कोर मॉड्यूल तियान्हे पहुंच गए।

चीनी अंतरिक्ष यात्री झाई झिगांग, वांग यापिंग और ये ग्वांग्फू अंतरिक्ष केंद्र के निर्माणाधीन कोर मॉड्यूल तियान्हे पहुंच गए। वे तियान्हे का निर्माण कार्य पूरा करने के लिए छह महीने तक वहां रहेंगे। यह चीन के इतिहास में अंतरिक्ष का सबसे लंबा मानव अभियान है। वांग अंतरिक्ष केंद्र जाने वाली चीन की पहली महिला अंतरिक्ष यात्री हैं।

‘चाइना मैन्ड स्पेस एजेंसी’ (सीएमएसए) ने बताया कि लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट से शुक्रवार देर रात 12 बजकर 23 मिनट पर अंतरिक्ष यान को भेजा गया और करीब साढ़े छह घंटे बाद शनिवार सुबह छह बजकर 56 मिनट पर यान तियांगोंग अंतरिक्ष केंद्र के कोर मॉड्यूल पहुंचा।

क्रू के कमांडर झाई ने कहा कि इस मिशन की अवधि अंतरिक्ष यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इस मिशन की अवधि पहले के मिशन से दोगुनी है। झाई ने अंतरिक्ष केंद्र के लिए रवाना होने से पहले कहा, ‘‘बिना गुरुत्वाकर्षण के अंतरिक्ष में छह महीने तक रहना अंतरिक्ष यात्री के शारीरिक और मनोवैज्ञानिक स्वास्थ्य तथा उपकरण की विश्वसनीयता की अभूतपूर्व परीक्षा है।’’

हांगकांग के साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट अखबार की खबर के मुताबिक, अंतरिक्ष एजेंसी तियांगोंग में कोई आपात स्थिति होने पर कम अवधि में प्रक्षेपण के लिए एक और अंतरिक्ष यान तैयार रखेगी।

अंतरिक्ष यात्री छह महीने की अवधि के दौरान सैकड़ों अंतरिक्ष औषधि और भौतिक प्रयोग करने के अलावा दो से तीन स्पेसवॉक भी करेंगे और भविष्य के निर्माण अभियान में मदद के लिए एक रोबोटिक उपकरण स्थापित करेंगे।

चीन के निर्माणाधीन अंतरिक्ष केंद्र के लिए यह दूसरा मानवयान भेजा गया है। इससे पहले तीन अंतरिक्ष यात्री नी हईशेंग, लियु बोमिंग और तांग होंग्बो तीन महीने तक अंतरिक्ष केंद्र में रहने के बाद 17 सितंबर को पृथ्वी पर लौटे थे।

देश के हाल के मंगल और पूर्व के चंद्र मिशनों के बाद इस अंतरिक्ष परियोजना को चीन के लिए सबसे प्रतिष्ठित और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। कम ऊंचाई वाली कक्षा में स्थित यह अंतरिक्ष केंद्र आसमान में देश की आंख होगा और दुनिया पर चौबीसों घंटे नजर रखने में उसकी मदद करेगा। इस अंतरिक्ष केंद्र के अगले साल तक तैयार होने की उम्मीद है।

जब यह तैयार हो जाएगा तो चीन इकलौता देश होगा, जिसका अपना अंतरिक्ष केंद्र होगा जबकि पुराना हो रहा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) कई देशों की संयुक्त परियोजना है। इसके आईएसएस का प्रतिस्पर्धी बनने की उम्मीद है और आईएसएस के काम न करने के बाद कक्षा में संभवत: यह इकलौता अंतरिक्ष केंद्र होगा।

तियान्हे का प्रक्षेपण 29 अप्रैल को किया गया था और इसके लिए एक मालवाहक अंतरिक्ष यान 29 मई को भेजा गया था। जब यह अंतरिक्ष केंद्र तैयार हो जाएगा तो इसके चीन के करीबी सहयोगियों जैसे पाकिस्तान और अन्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सहयोग साझेदारों के लिए खुलने की संभावना है।

सीएमएसए के सहायक जी किमिंग ने पिछले महीने कहा था कि रूस के साथ करीबी सहयोग के अलावा फ्रांस, इटली, पाकिस्तान समेत अन्य देशों के साथ भी चीन के द्विपक्षीय सहयोग हैं। सरकारी मीडिया ने यहां बताया कि चंद्रमा पर एक अंतरिक्ष केंद्र बनाने की भी चीन और रूस की योजना है। इस अंतरिक्ष केंद्र का उद्देश्य चंद्रमा की सतह पर अनुसंधान की सुविधाएं विकसित करना है।

पहले शेनझोउ-12 मिशन के तीन अंतरिक्ष यात्रियों से बात करने वाले चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने इस परियोजना को देश के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम में ‘‘मील का पत्थर’’ बताया था। उन्होंने कहा था, ‘‘इस अंतरिक्ष केंद्र का निर्माण चीन के अंतरिक्ष उद्योग में मील का पत्थर है, जो मानव जाति द्वारा अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग में अग्रणी योगदान देगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\